खेलो इंडिया नेशनल ट्राइबल गेम्स: चयन ट्रायल 6 से 8 जनवरी तक, रायपुर और बिलासपुर में होंगे आयोजन

बिलासपुर। छत्तीसगढ़ में खेलो इंडिया नेशनल ट्राइबल गेम्स के आयोजन को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। राज्य की मेजबानी में पहली बार होने जा रहे इन खेलों के लिए खिलाड़ियों के चयन ट्रायल 6 से 8 जनवरी तक रायपुर और बिलासपुर में आयोजित किए जाएंगे। खेल और युवा कल्याण विभाग ने इसकी विस्तृत जानकारी जारी कर दी है।
रायपुर में वेट-लिफ्टिंग, कुश्ती, फुटबॉल और हॉकी खेलों के लिए चयन ट्रायल होंगे। वहीं बिलासपुर में तीरंदाजी, एथलेटिक्स और तैराकी खेलों के ट्रायल आयोजित किए जाएंगे। कुल सात खेलों को नेशनल ट्राइबल गेम्स में शामिल किया गया है। इच्छुक खिलाड़ी चयन ट्रायल से जुड़ी जानकारी खेल विभाग की आधिकारिक वेबसाइट sportsyw.cg.gov.in से प्राप्त कर सकते हैं।
खिलाड़ी क्यूआर कोड और रजिस्ट्रेशन लिंक के माध्यम से ऑनलाइन पंजीयन कर सकते हैं। इसके साथ ही सभी ट्रायल स्थलों पर ऑफलाइन पंजीयन की सुविधा भी उपलब्ध कराई गई है। चयन ट्रायल में केवल छत्तीसगढ़ के स्थायी निवासी अनुसूचित जनजाति वर्ग के खिलाड़ी ही भाग ले सकेंगे।
खेल और युवा कल्याण विभाग ने स्पष्ट किया है कि महिला और पुरुष दोनों वर्गों के लिए आयु सीमा को लेकर कोई प्रतिबंध नहीं है। सभी खिलाड़ियों को अपने साथ अनुसूचित जनजाति प्रमाण पत्र के साथ आधार कार्ड या स्थानीय निवास प्रमाण पत्र की मूल प्रति लाना अनिवार्य होगा।
रायपुर के स्वामी विवेकानंद स्टेडियम, कोटा में 6 जनवरी को सुबह 9 बजे से वेट-लिफ्टिंग, 7 जनवरी को कुश्ती और 7 व 8 जनवरी को फुटबॉल के ट्रायल होंगे। वहीं सरदार वल्लभ भाई पटेल अंतरराष्ट्रीय हॉकी स्टेडियम, रायपुर में 7 और 8 जनवरी को हॉकी खिलाड़ियों के ट्रायल आयोजित किए जाएंगे।
बिलासपुर के स्वर्गीय बी.आर. यादव स्टेडियम में 7 जनवरी को सुबह 9 बजे से तीरंदाजी और एथलेटिक्स के ट्रायल होंगे। इसके अलावा सरकंडा स्थित जिला खेल परिसर में तैराकी खिलाड़ियों का चयन ट्रायल किया जाएगा।



