खल्लारी रोपवे हादसा: मुख्यमंत्री विष्णु देव साय का बड़ा फैसला; मृतकों के परिजनों को 5 लाख और घायलों को 50 हजार की सहायता

रायपुर। महासमुंद जिले के प्रसिद्ध खल्लारी माता मंदिर में हुए दर्दनाक रोपवे हादसे पर राज्य सरकार ने संवेदनशीलता दिखाते हुए बड़ी राहत राशि की घोषणा की है। मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने मंगलवार, 24 मार्च 2026 को प्रभावित परिवारों के लिए आर्थिक सहायता का ऐलान किया।

मुख्यमंत्री ने इस हादसे में जान गंवाने वाली महिला श्रद्धालु के परिजनों को 5 लाख रुपये और घायल हुए 16 लोगों को 50-50 हजार रुपये की सहायता राशि देने का निर्णय लिया है।

शोक संतप्त परिवारों के प्रति संवेदना
मुख्यमंत्री साय ने इस दुखद घटना पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए कहा कि राज्य सरकार पीड़ित परिवारों के साथ पूरी मजबूती से खड़ी है। उन्होंने कहा, “भक्तों के साथ हुई यह दुर्घटना अत्यंत पीड़ादायक है। प्रभावितों को इस कठिन समय में संबल प्रदान करना हमारी प्राथमिकता है। घायलों के समुचित उपचार के लिए प्रशासन को कड़े निर्देश दिए गए हैं।”

दोषियों पर होगी कड़ी कार्रवाई: “बख्शा नहीं जाएगा”
हादसे के बाद सुरक्षा मानकों में बरती गई लापरवाही पर मुख्यमंत्री ने सख्त तेवर दिखाए हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि घटना की विस्तृत जांच जारी है और जो भी इस लापरवाही के लिए जिम्मेदार पाया जाएगा, उसके खिलाफ कठोरतम कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

कोलकाता की उस दागी कंपनी पर भी जांच की आंच पहुंच रही है, जिसे पहले ही अन्य राज्यों में ब्लैक लिस्टेड किया जा चुका है। मुख्यमंत्री ने संकेत दिए हैं कि सुरक्षा ऑडिट में कोताही बरतने वाले अधिकारियों की भी जिम्मेदारी तय की जाएगी।

मुख्यमंत्री ने पर्यटन और धार्मिक स्थलों पर संचालित सभी रोपवे और ऊँचाई वाले झूलों की सुरक्षा जांच (Safety Audit) अनिवार्य करने के निर्देश दिए हैं, ताकि भविष्य में ऐसी किसी भी अनहोनी को रोका जा सके।

Exit mobile version