केजरीवाल आज हनुमान मंदिर में करेंगे दर्शन, सिसोदिया समेत AAP नेता रहेंगे साथ

दिल्ली। दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री और आम आदमी पार्टी (AAP) के संयोजक अरविंद केजरीवाल आज दोपहर करीब 12 बजे कनॉट प्लेस स्थित हनुमान मंदिर पहुंचेंगे। वे यहां दर्शन-पूजन करेंगे।
उनके साथ पूर्व उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया, राज्यसभा सांसद संजय सिंह समेत पार्टी के अन्य वरिष्ठ नेता भी मौजूद रहेंगे। यह दौरा ऐसे समय में हो रहा है, जब एक दिन पहले ही दिल्ली शराब नीति से जुड़े सीबीआई मामले में केजरीवाल और सिसोदिया समेत 23 आरोपियों को राऊज एवेन्यू कोर्ट ने बरी किया है।
शुक्रवार शाम केजरीवाल ने आम आदमी पार्टी कार्यालय में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर फैसले पर प्रतिक्रिया दी थी। उन्होंने कहा था कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने आम आदमी पार्टी के खिलाफ षड्यंत्र रचा।
उन्होंने दावा किया कि वे AAP को चुनाव में हरा नहीं पाए, इसलिए पार्टी को खत्म करने की कोशिश की गई। केजरीवाल ने कहा कि उन्होंने जीवन में सिर्फ ईमानदारी और इज्जत कमाई है, जिसे अदालत के फैसले ने साबित कर दिया।
दरअसल, दिल्ली शराब नीति केस 2021-22 की आबकारी नीति में कथित अनियमितताओं से जुड़ा है। आरोप था कि नई नीति के जरिए कुछ निजी कारोबारियों को अनुचित लाभ पहुंचाया गया। बाद में इस नीति को वापस ले लिया गया।
सीबीआई मामले में अदालत ने सबूतों के अभाव में सभी आरोपियों को बरी कर दिया, हालांकि प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) का मामला अभी अदालत में विचाराधीन है।
राऊज एवेन्यू कोर्ट ने अपने फैसले में कहा कि चार्जशीट में कई खामियां हैं और लगाए गए आरोप ठोस सबूतों से साबित नहीं होते। कोर्ट ने जांच अधिकारी के खिलाफ विभागीय जांच के आदेश भी दिए हैं।
अदालत ने स्पष्ट किया कि केजरीवाल और सिसोदिया के खिलाफ कोई पुख्ता साक्ष्य नहीं मिले।
इस फैसले के बाद राजनीतिक हलचल तेज हो गई है। जहां AAP इसे अपनी नैतिक जीत बता रही है, वहीं भाजपा का कहना है कि कानूनी प्रक्रिया अभी पूरी नहीं हुई है और आगे की जांच जारी रहेगी।
इस पूरे घटनाक्रम के बीच आज केजरीवाल का हनुमान मंदिर जाना राजनीतिक और धार्मिक दोनों दृष्टि से अहम माना जा रहा है।





