रायपुर में ज्वैलर्स मैनेजर से 1 करोड़ की लूट, तलवार से हमला कर बैग छीना

रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में लूट की बड़ी वारदात सामने आई है। खरोरा थाना क्षेत्र में ज्वैलर्स के मैनेजर से करीब 1 करोड़ रुपए के सोने-चांदी के जेवरात लूट लिए गए। बदमाशों ने तलवार से हमला कर वारदात को अंजाम दिया और मौके से फरार हो गए। घायल मैनेजर को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
जानकारी के मुताबिक, पीड़ित टीकाराम शर्मा ‘महावीर ज्वैलर्स’ में मैनेजर हैं। दुकान की दो ब्रांच होने के कारण वह एक शाखा से जेवरात लेकर दूसरी शाखा जा रहे थे। मंगलवार शाम करीब 7 बजे आंधी-बारिश के कारण वे तिल्दाडीह मोड़ के पास रुक गए। जैसे ही बारिश थमी और वे आगे बढ़े, तभी बाइक सवार बदमाशों ने उन्हें घेर लिया।
आरोपियों ने अचानक टीकाराम के सिर पर तलवार से हमला कर दिया, जिससे वे घायल होकर गिर पड़े। इसके बाद बदमाश उनके पास मौजूद जेवरात से भरा बैग छीनकर फरार हो गए। बताया जा रहा है कि आरोपियों की संख्या 2 से 3 के बीच थी और वे पहले से घात लगाकर बैठे थे।
घटना की सूचना मिलते ही खरोरा थाना पुलिस, क्राइम ब्रांच और वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने इलाके में नाकेबंदी कर संदिग्धों की तलाश शुरू कर दी है। साथ ही आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं, ताकि आरोपियों की पहचान हो सके।
प्रारंभिक जांच में यह वारदात सुनियोजित लग रही है, क्योंकि बदमाशों को पीड़ित के रूट और समय की पहले से जानकारी थी। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। इस घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है और सराफा कारोबारियों में भी सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है।





