मनरेगा से मिला पक्का बकरी शेड: पशुपालक विष्णु प्रसाद की आय में बढ़ोतरी, जीवन में आया संतुलन

रायपुर। दुर्ग जिले के धमधा विकासखंड के ग्राम हरदी निवासी पशुपालक श्री विष्णु प्रसाद पटेल के जीवन में मनरेगा योजना एक मजबूत सहारा बनकर आई है। पहले कच्चे बकरी शेड के कारण बारिश, ठंड और धूप में बकरियों को सुरक्षित रखना मुश्किल होता था। बार-बार बीमार पड़ने से पशुधन का नुकसान होता और आय पर भी प्रभाव पड़ता था। मनरेगा के तहत पक्का बकरी शेड मिलने से उनकी यह समस्या पूरी तरह दूर हो गई है और जीवन में स्थायी आर्थिक मजबूती आई है।
ग्राम सभा में विष्णु प्रसाद की समस्या को प्राथमिकता से शामिल किया गया। वर्ष 2024-25 में मनरेगा के अंतर्गत 85 हजार रुपये की स्वीकृति दी गई, जिसके तहत 4.20×3.00 मीटर आकार का पक्का बकरी शेड बनाया गया। इस निर्माण कार्य में स्वयं श्री पटेल को 4,000 रुपये मजदूरी के रूप में मिले, जबकि अन्य ग्रामीणों को भी रोजगार उपलब्ध हुआ। इससे स्थानीय स्तर पर श्रमिकों को भी लाभ मिला।
पक्का शेड बनने के बाद उनकी बकरियां अब मौसम के प्रभाव से सुरक्षित रहती हैं। बेहतर संरक्षण के कारण बीमारियों में कमी आई है और उत्पादन क्षमता बढ़ी है। वर्तमान में उनके पास 25 बकरियां हैं, जिनसे प्रतिदिन 4–8 किलो दूध प्राप्त हो रहा है। इसके माध्यम से उन्हें हर महीने 8,000 से 10,000 रुपये तक की अतिरिक्त आय हो रही है, जो उनके परिवार की आर्थिक स्थिति को मजबूत कर रही है।
कार्यक्रम अधिकारी एवं तकनीकी सहायक मोहन कुमार ने बताया कि ग्राम सभा के प्रस्ताव के आधार पर कार्य को प्राथमिकता दी गई। मॉडल प्राक्कलन के अनुरूप निर्माण की सतत निगरानी की गई और कार्य को समय पर गुणवत्तापूर्ण रूप से पूरा कराया गया।
विष्णु प्रसाद ने खुशी व्यक्त करते हुए कहा कि मनरेगा से मिला यह पक्का बकरी शेड उनके जीवन में बड़ा परिवर्तन लेकर आया है। अब पशुधन सुरक्षित है, आय में बढ़ोतरी हो रही है और भविष्य को लेकर उनका आत्मविश्वास भी मजबूत हुआ है।



