जापान देगा भारत को दो बुलेट ट्रेनें मुफ्त में, 2026 की शुरुआत में होगी डिलीवरी

दिल्ली। भारत में बुलेट ट्रेन चलने का सपना अब और करीब होता नजर आ रहा है। मुंबई-अहमदाबाद हाई स्पीड रेल कॉरिडोर (बुलेट ट्रेन प्रोजेक्ट) के लिए जापान भारत को दो शिंकानसेन ट्रेन E5 और E3 मुफ्त में देगा।
इनकी डिलीवरी 2026 की शुरुआत में हो सकती है। 508 किलोमीटर लंबे इस कॉरिडोर में अब तक करीब 360 किमी यानी 71% काम पूरा हो चुका है। ऐसे में उम्मीद जताई जा रही है कि प्रोजेक्ट का कुछ हिस्सा अगस्त 2027 तक शुरू किया जा सकता है।
E3 और E5 से होगा ट्रायल, E10 पर काम जारी
भारत में बुलेट ट्रेन चलाने से पहले इन ट्रेनों को भारतीय जलवायु, धूल, तापमान और वातावरण में ट्रायल रन के लिए इस्तेमाल किया जाएगा। इससे भारत को हाई स्पीड ट्रेन के संचालन के लिए जरूरी तकनीकी डेटा मिल सकेगा।
वहीं जापान इस समय E10 मॉडल पर काम कर रहा है, जो E3 और E5 की तुलना में ज्यादा तेज, आधुनिक और अनुकूल होगा।
जापान टाइम्स की रिपोर्ट के अनुसार, E10 को भारत और जापान में एकसाथ ट्रैक पर उतारने की योजना पर भी विचार किया जा रहा है। हालांकि E10 को तैयार होने में अभी समय लगेगा, इसलिए फिलहाल E3 और E5 ही भारत के बुलेट ट्रेन प्रोजेक्ट में अहम भूमिका निभाएंगी। इनसे जुटाए गए डेटा की मदद से E10 को अपग्रेड करने में सहायता मिलेगी।