ChhattisgarhStateNewsछत्तीसगढ़

जांजगीर में 22 दिसंबर को ‘जनादेश परब’: नड्डा और CM साय करेंगे आमसभा को संबोधित

रायपुर।छत्तीसगढ़ सरकार के दो वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में 22 दिसंबर को जांजगीर में ‘जनादेश परब’ का आयोजन किया जा रहा है। इस अवसर पर जनता के समक्ष सरकार की दो वर्ष की उपलब्धियों और राज्य के समग्र विकास के लिए लिए गए निर्णयों की जानकारी दी जाएगी। जनकल्याणकारी योजनाओं के पात्र लाभार्थियों को प्रत्यक्ष लाभ भी पहुंचाया जाएगा।

कार्यक्रम जांजगीर पुलिस लाईन में आयोजित विशाल आमसभा में केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री जे. पी. नड्डा संबोधन देंगे। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय कार्यक्रम की अध्यक्षता करेंगे। इस मौके पर लोक कलाकार एवं पद्मश्री अनुज शर्मा सहित अन्य कलाकार सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ देंगे।

जनादेश परब में दो वर्षों में विभिन्न विभागों की उपलब्धियों पर आधारित विकास प्रदर्शनी का आयोजन भी होगा। प्रदर्शनी में छत्तीसगढ़ राज्य विद्युत मंडल, कृषि विभाग, स्कूल शिक्षा, महिला एवं बाल विकास, जल संसाधन, मत्स्य पालन, सहकारिता विभाग आदि के स्टॉल लगाए जाएंगे। यहाँ पीएम सूर्यघर योजना, किसान सम्मान निधि, हितग्राही मूलक योजनाएँ, आधुनिक कृषि तकनीक, डिजिटल शिक्षा, स्मार्ट क्लास, आईसीटी लैब आदि की जानकारी आमजन को उपलब्ध कराई जाएगी।

कार्यक्रम में केंद्रीय राज्य मंत्री श्री तोखन साहू, उप मुख्यमंत्री श्री अरुण साव और श्री विजय शर्मा, कृषि मंत्री श्री रामविचार नेताम, स्वास्थ्य मंत्री श्री श्याम बिहारी जायसवाल, महिला एवं बाल विकास मंत्री श्रीमती लक्ष्मी राजवाड़े, राजस्व मंत्री श्री टंकराम वर्मा, संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री श्री राजेश अग्रवाल, लोकसभा सांसद श्रीमती कमलेश जांगड़े समेत अनेक मंत्री और विधायक शामिल होंगे।

प्रदर्शनी में महिला सशक्तिकरण, महतारी वंदन, सुपोषण अभियान, बाल कल्याण योजनाओं, सिंचाई और जल प्रबंधन, मत्स्य उत्पादन, रोजगार एवं स्वरोजगार, समर्थन मूल्य पर धान खरीदी जैसी योजनाओं के मॉडल प्रदर्शित होंगे। इससे आमजन योजनाओं की प्रक्रिया और लाभ समझ सकेंगे।

जनादेश परब छत्तीसगढ़ सरकार की निरंतर सेवा और विकास की झलक दिखाने के साथ-साथ जनता और सरकार के बीच संवाद का एक महत्वपूर्ण मंच साबित होगा।

Related Articles

Back to top button