ईरान ने स्ट्रैट ऑफ होर्मुज में तेल टैंकर को बनाया निशाना: 15 भारतीय क्रू मेंबर थे सवार; 4 घायल, खामेनेई की मौत के बाद बढ़ा तनाव

एजेंसी। अमेरिका और इजराइल के हमलों में सुप्रीम लीडर अयातुल्ला अली खामेनेई की मौत के बाद ईरान ने जवाबी कार्रवाई तेज कर दी है। ताजा घटनाक्रम में, ईरान ने दुनिया के सबसे संवेदनशील समुद्री रास्ते ‘स्ट्रैट ऑफ होर्मुज’ (Hormuz Strait) से गुजर रहे एक तेल टैंकर पर हमला किया है। इस टैंकर पर 15 भारतीय क्रू मेंबर सवार थे।
पलाऊ के झंडे वाला तेल टैंकर ‘स्काईलाइट’ (Skylight) ओमान के मुसंदम प्रायद्वीप के पास से गुजर रहा था, तभी उस पर हमला हुआ। यह हमला ईरान के दुकम पोर्ट पर हुए ड्रोन हमलों के कुछ ही समय बाद हुआ है। ओमान के मैरीटाइम सिक्योरिटी सेंटर (MSC) के मुताबिक, हमले में कम से कम चार लोग घायल हुए हैं।
15 भारतीय और 5 ईरानी सदस्य थे सवार
हमले के वक्त टैंकर पर कुल 20 क्रू मेंबर मौजूद थे। इनमें से 15 सदस्य भारतीय और 5 ईरानी नागरिक थे। ओमान MSC ने बताया कि टैंकर को खासाब पोर्ट से महज 5 नॉटिकल मील की दूरी पर निशाना बनाया गया। गनीमत रही कि हमले के तुरंत बाद सभी क्रू मेंबर्स को सुरक्षित निकाल लिया गया।
युद्ध की आग में झुलसा खाड़ी देश
स्ट्रैट ऑफ होर्मुज वैश्विक तेल आपूर्ति के लिए एक रणनीतिक चोकपॉइंट है। यह पहली बार है जब ओमान के इतने करीब किसी समुद्री जहाज को टारगेट किया गया है। खामेनेई की मौत से बौखलाया ईरान अब ‘बदला’ लेने के लिए पूरी ताकत झोंक रहा है, जिससे खाड़ी देशों में एक बड़े युद्ध का खतरा मंडराने लगा है।





