भारत में iPhone का दूसरा प्लांट तैयार, फॉक्सकॉन जून से शुरू करेगी शिपमेंट

दिल्ली। भारत में iPhone निर्माण को लेकर एक बड़ी सफलता मिली है। ताइवान की मशहूर कंपनी फॉक्सकॉन ने कर्नाटक के देवनहल्ली स्थित अपना दूसरा प्लांट लगभग तैयार कर लिया है। यह प्लांट जून 2025 से iPhone की कमर्शियल शिपमेंट शुरू करेगा। राज्य के वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री एमबी पाटिल ने शनिवार को इसकी जानकारी दी।
फॉक्सकॉन, जो कि Apple के लिए कॉन्ट्रैक्ट बेस पर iPhone बनाती है, ने देवनहल्ली के सूचना प्रौद्योगिकी निवेश क्षेत्र (ITIR) में 300 एकड़ में यह प्लांट स्थापित किया है। मंत्री एमबी पाटिल ने बताया कि इस प्लांट के शुरू होने से भारत वैश्विक iPhone मैन्युफैक्चरिंग का प्रमुख केंद्र बन जाएगा। उन्होंने कहा कि Apple के CEO टिम कुक ने भविष्य में अधिकतर iPhone भारत में ही बनाने का निर्णय लिया है, जिनमें अमेरिका में बिकने वाले फोन भी शामिल होंगे।
पाटिल ने सोशल मीडिया पर लिखा कि फॉक्सकॉन का यह कदम केवल मैन्युफैक्चरिंग के क्षेत्र में उपलब्धि नहीं है, बल्कि यह रणनीतिक दृष्टि से भारत को वैश्विक उत्पादन का हब बनाने की दिशा में बड़ा परिवर्तन है। इससे न केवल कर्नाटक की स्थिति मजबूत होगी बल्कि भारत में विदेशी निवेश को भी बढ़ावा मिलेगा।
इस बीच, एप्पल ने यह स्पष्ट किया है कि वह भारत में निवेश जारी रखेगा। अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप द्वारा अमेरिका में उत्पादन केंद्र स्थापित करने की मांग को एप्पल ने ठुकरा दिया है। कंपनी ने कहा है कि भारत भविष्य में भी उसके मैन्युफैक्चरिंग का एक अहम केंद्र बना रहेगा।