भारत-जिम्बाब्वे के बीच होगा टी-20 मुकाबला; मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के सुझाव पर क्रिकेट संघ ने जताई सहमति
रायपुर। छत्तीसगढ़ में पहली बार अंतरराष्ट्रीय महिला क्रिकेट मैच का आयोजन होने जा रहा है। भारत और जिम्बाब्वे की महिला टीमों के बीच होने वाले टी-20 मुकाबले को लेकर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने खुशी जताई है। उन्होंने इस मैच में महिला दर्शकों को निःशुल्क प्रवेश देने का सुझाव दिया, जिस पर छत्तीसगढ़ स्टेट क्रिकेट संघ ने सहमति जताई है।
बुधवार को मंत्रालय महानदी भवन में छत्तीसगढ़ स्टेट क्रिकेट संघ के पदाधिकारियों ने मुख्यमंत्री साय से मुलाकात कर उन्हें मैच में शामिल होने का आमंत्रण दिया। मुख्यमंत्री ने आमंत्रण स्वीकार करते हुए संघ के पदाधिकारियों को आयोजन के लिए बधाई दी और सफल आयोजन की शुभकामनाएं दीं।
बेटियों को खेलों में आगे बढ़ने की मिलेगी प्रेरणा
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि प्रदेश में पहली बार अंतरराष्ट्रीय महिला क्रिकेट मैच होना छत्तीसगढ़ के खेल इतिहास की महत्वपूर्ण उपलब्धि है। अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ियों को मैदान पर खेलते देखना प्रदेश की बेटियों और युवा महिला क्रिकेटरों के लिए प्रेरणादायक होगा। इससे उन्हें क्रिकेट को करियर के रूप में अपनाने और राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान बनाने की प्रेरणा मिलेगी।
उन्होंने कहा कि महिला दर्शकों को मुफ्त प्रवेश देने का सुझाव इसलिए दिया गया, ताकि अधिक से अधिक महिलाएं और बालिकाएं स्टेडियम पहुंचकर खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ा सकें। अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ियों का प्रदर्शन देखकर बेटियों का आत्मविश्वास बढ़ेगा और खेलों में उनकी भागीदारी को प्रोत्साहन मिलेगा।
स्पोर्ट्स हब बनाने की दिशा में प्रयास
मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ में खेल प्रतिभाओं की कमी नहीं है। गांवों, कस्बों और आदिवासी अंचलों के खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण, खेल सुविधाएं और अवसर उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है। राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं की मेजबानी से प्रदेश के खिलाड़ियों को बड़े मुकाबलों का अनुभव मिलेगा।
उन्होंने विश्वास जताया कि भारत-जिम्बाब्वे महिला टी-20 मुकाबले से छत्तीसगढ़ में महिला क्रिकेट को नई पहचान मिलेगी। सरकार प्रदेश को प्रमुख खेल केंद्र के रूप में विकसित करने के लिए खेल अधोसंरचना और सुविधाओं का विस्तार कर रही है।
इस अवसर पर छत्तीसगढ़ स्टेट क्रिकेट संघ के अध्यक्ष मोहन दास, डायरेक्टर विजय शाह, पूर्व अध्यक्ष मुकुल तिवारी, सचिव विंटेश अग्रवाल, जीएस मूर्ति और विनय बजाज सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।
