ChhattisgarhStateNewsछत्तीसगढ़

छत्तीसगढ़ में कड़ाके की ठंड… ओस जमकर बर्फ बनी; 3 दिन में राहत के आसार

रायपुर।छत्तीसगढ़ के उत्तरी और मध्य इलाकों में ठंड ने इस बार सारे रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं। सरगुजा संभाग के पाट क्षेत्रों में न्यूनतम तापमान 4 डिग्री सेल्सियस से नीचे चला गया है।

शनिवार की सुबह मैनपाट के खुले मैदानों में ओस जमकर बर्फ की मोटी परत में बदल गई। पत्तियों, घास और फसलों पर जमी सफेद परत ने पूरा इलाका कश्मीर जैसा नजारा बना दिया। स्थानीय लोगों ने इस दुर्लभ दृश्य के वीडियो भी सोशल मीडिया पर साझा किए हैं।

सरगुजा संभाग में पाट से लेकर मैदानी इलाकों तक पाले का व्यापक असर देखा गया। सामरीपाट और सोनहत जैसे क्षेत्रों में भी बर्फ जमी हुई पाई गई। मौसम विभाग के अनुसार शनिवार इस सर्दी का अब तक का सबसे ठंडा दिन रहा।

संभाग में 31 दिसंबर तक शीतलहर का अलर्ट जारी किया गया है, जिससे किसानों और आम लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है। पेंड्रा और अमरकंटक में भी न्यूनतम तापमान 5 डिग्री सेल्सियस के आसपास पहुंच गया है, जिससे इन पहाड़ी इलाकों में भी ठिठुरन बढ़ गई है।

हालांकि राहत की बात यह है कि प्रदेश में अगले तीन दिनों में ठंड से हल्की राहत मिलने की उम्मीद जताई जा रही है। न्यूनतम तापमान में बहुत बड़े बदलाव की संभावना नहीं है, लेकिन सुबह और शाम की ठंड अभी लोगों को परेशान करती रहेगी। मौसम विभाग ने खासकर बुजुर्गों, बच्चों और बीमार लोगों को सुबह-शाम बाहर निकलते समय सतर्कता बरतने की सलाह दी है।

पिछले 24 घंटे के आंकड़ों पर नजर डालें तो प्रदेश में सबसे अधिक अधिकतम तापमान दुर्ग में 29.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि सबसे कम न्यूनतम तापमान 4.0 डिग्री सेल्सियस सरगुजा में रिकॉर्ड हुआ। फिलहाल किसी तरह का विशेष वेदर अलर्ट जारी नहीं किया गया है, लेकिन ठंड का यह कहर लोगों को सावधानी बरतने पर मजबूर कर रहा है।

Related Articles

Back to top button