जशपुर। जशपुर जिले के प्रभारी सचिव अंकित आनंद ने सोमवार को निर्माणाधीन जगदेव राम उरांव कल्याण आश्रम चिकित्सालय का निरीक्षण कर कार्यों की प्रगति का जायजा लिया। उन्होंने अस्पताल भवन का निर्माण निर्धारित मानकों के अनुरूप और तेज गति से किए जाने पर संबंधित एजेंसी एवं अधिकारियों की सराहना की।
निरीक्षण के दौरान प्रभारी सचिव ने निर्माण कार्यों की विस्तृत जानकारी ली और अधिकारियों को गुणवत्ता से कोई समझौता किए बिना निर्धारित समय-सीमा में कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अस्पताल के शुरू होने के बाद क्षेत्र की स्वास्थ्य सेवाओं को नई दिशा मिलेगी और यह स्थानीय लोगों के लिए एक प्रमुख स्वास्थ्य केंद्र के रूप में विकसित होगा।
श्री आनंद ने विश्वास जताया कि इस अस्पताल में आधुनिक चिकित्सा सुविधाओं के साथ विशेषज्ञ डॉक्टरों की सेवाएं उपलब्ध होंगी, जिससे जशपुर सहित आसपास के क्षेत्रों के लोगों को बेहतर इलाज के लिए बड़े शहरों पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर रोहित व्यास, जिला पंचायत सीईओ अभिषेक कुमार, एसडीएम विश्वास राव मस्के तथा छत्तीसगढ़ हाउसिंग बोर्ड के कार्यपालन अभियंता प्रफुल्ल चौरे सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
गौरतलब है कि इस अत्याधुनिक चिकित्सालय का निर्माण एनटीपीसी लारा के सीएसआर मद से लगभग 35.53 करोड़ रुपए की लागत से किया जा रहा है। अस्पताल का भूमिपूजन 7 अप्रैल 2025 को मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने किया था। वर्तमान में छह मंजिला भवन के ग्राउंड फ्लोर सहित चार मंजिलों की ढलाई पूरी हो चुकी है और निर्माण कार्य तेजी से आगे बढ़ रहा है।
100 बिस्तरों वाले इस अस्पताल में इमरजेंसी सेवाएं, 15 ओपीडी कक्ष, आईसीयू, ऑपरेशन थियेटर, फिजियोथेरेपी यूनिट, पैथोलॉजी लैब, सीटी स्कैन, डायलिसिस, एक्स-रे, एमआरआई और ईसीजी जैसी आधुनिक स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध होंगी। अस्पताल शुरू होने के बाद जिले के हजारों लोगों को बेहतर और सुलभ स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ मिलेगा।
