रायपुर एयरपोर्ट में इंडिगो की रफ लैंडिंग, टला हादसा: रनवे टच कर उछला प्लेन, दूसरे प्रयास में 38 मिनट देरी से लैंड हुआ

रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के स्वामी विवेकानंद एयरपोर्ट पर शनिवार को एक बड़ा विमान हादसा होते-होते टल गया। भोपाल से रायपुर आ रही इंडिगो की फ्लाइट संख्या 6E 7302 की लैंडिंग के दौरान अचानक तकनीकी या मौसम संबंधी कारणों से विमान रनवे पर टच करते ही उछल गया।
इस अप्रत्याशित झटके से विमान में बैठे यात्रियों में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी और दहशत का माहौल बन गया। हालांकि पायलट की सूझबूझ और अनुभव से स्थिति को संभाल लिया गया और दूसरे प्रयास में विमान को सुरक्षित, लेकिन रफ लैंडिंग कराई गई।
जानकारी के अनुसार यह फ्लाइट भोपाल से दोपहर 1:29 बजे रवाना हुई थी और रायपुर में इसके 2:40 बजे पहुंचने का समय निर्धारित था। फ्लाइट समय पर एयरपोर्ट पहुंच गई थी, लेकिन पहले प्रयास में लैंडिंग सफल नहीं हो सकी। रनवे को छूते ही विमान को जोरदार झटका लगा और वह दोबारा हवा में उठ गया। इसके बाद पायलट ने विमान को नियंत्रित करते हुए दूसरा चक्कर लगाया और लगभग 38 मिनट की देरी से 3:18 बजे सुरक्षित लैंडिंग कराई।
यात्रियों के अनुसार विमान को दो झटके लगे, जिससे कुछ देर के लिए भय का माहौल बन गया। कई यात्रियों ने बताया कि अचानक हुए झटकों से वे सहम गए थे, लेकिन सुरक्षित लैंडिंग के बाद सभी ने राहत की सांस ली। गनीमत रही कि इस घटना में कोई घायल नहीं हुआ और सभी यात्री सुरक्षित रहे।
इस घटना का असर फ्लाइट संचालन पर भी पड़ा। रायपुर से 3:15 बजे भोपाल जाने वाली इंडिगो की एक अन्य फ्लाइट को पहले लेट किया गया और बाद में उसे रद्द कर दिया गया। इससे यात्रियों को असुविधा का सामना करना पड़ा।
हालांकि एयरपोर्ट प्रबंधन इस मामले पर स्पष्ट जानकारी देने से बचता नजर आया। रायपुर एयरपोर्ट के डायरेक्टर किशोर कुमार लहरे ने इस तरह की किसी गंभीर घटना से इनकार करते हुए कहा कि यात्रियों से ही जानकारी ली जाए। वहीं, यात्रियों की आपबीती ने पूरे घटनाक्रम को उजागर कर दिया है।





