हैदराबाद एयर ट्रैफिक ज्यादा होने से इंडिगो फ्लाइट की इमरजेंसी लैंडिंग, एअर इंडिया फ्लाइट को भी डायवर्ट किया गया

नई दिल्ली। रविवार को दो अलग-अलग फ्लाइट से जुड़ी घटनाएं सामने आईं, जिसमें एक इंडिगो की फ्लाइट को एयर ट्रैफिक ज्यादा होने के कारण विजयवाड़ा डायवर्ट किया गया, वहीं एअर इंडिया की एक अंतरराष्ट्रीय फ्लाइट को कोलकाता में इमरजेंसी लैंडिंग करानी पड़ी।
इंडिगो की फ्लाइट 6E-6473 ने सुबह 8:43 बजे पुणे एयरपोर्ट से उड़ान भरी थी और इसका गंतव्य हैदराबाद था। लेकिन हैदराबाद एयरस्पेस में अचानक एयर ट्रैफिक ज्यादा होने के कारण फ्लाइट को विजयवाड़ा डायवर्ट कर दिया गया।
विजयवाड़ा में कुछ देर रुकने के बाद, ट्रैफिक सामान्य होते ही फ्लाइट ने दोबारा उड़ान भरी और दोपहर 12:38 बजे हैदराबाद में सुरक्षित लैंडिंग की। यात्रियों को समय पर जानकारी दी गई और कोई बड़ी असुविधा नहीं हुई।
एअर इंडिया की फ्लाइट की कोलकाता में इमरजेंसी लैंडिंग
दूसरी घटना में एअर इंडिया की फ्लाइट AI357, जो जापान के टोक्यो से दिल्ली आ रही थी, में केबिन के अंदर अत्यधिक गर्मी महसूस की गई। यात्रियों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए पायलट ने फ्लाइट को कोलकाता एयरपोर्ट डायवर्ट किया। विमान की कोलकाता में सुरक्षित लैंडिंग हुई और वहां विमान की तकनीकी जांच की जा रही है।
यात्रियों को हर संभव मदद
एअर इंडिया के प्रवक्ता ने बताया कि कोलकाता में ग्राउंड टीम यात्रियों को सहायता दे रही है। उन्हें वैकल्पिक उड़ानों के जरिए दिल्ली भेजने की व्यवस्था की जा रही है, ताकि यात्रियों को ज्यादा परेशानी न हो।