Ukraine से निकले भारतीयों को पोलैंड के गुरुद्वारे में मिला सहारा, लंगर और रहने की गई व्यवस्था

नई दिल्ली। रूस के यूक्रेन पर लगातार बढ़ते हमलों से हालात बद से बदतर होते जा रहे हैं। इस बीच विद्यार्थियों सहित सैकड़ों की संख्या में भारतीय मूल के नागरिक यूक्रेन के पड़ोसी देशों पोलैंड,रोमानिया, हंगरी और मोल्दोवा पलायन कर रहे हैं। संकट की इस घड़ी में सिख कौम हमेशा की तरह ‘सरबत दे भले’ के मूल मंत्र के साथ मानवता की भलाई के लिए आगे आई है।
जान बचा कर पोलैंड पहुंचे सैकड़ों भारतीय नागरिकों को देश की राजधानी वारसॉ स्थित गुरुद्वारा सिंह सभा में न केवल शरण दी गई है, बल्कि उनके लिए लंगर और रहने की व्यवस्था भी की गई है।
वारसॉ गुरुद्वारा सिंह सभा की प्रबंधन समिति के वरिष्ठ सदस्य जे जे सिंह ने बताया कि रूस के यूक्रेन पर हमले के बाद से रोजाना सैकड़ों भारतीय नागरिक गुरुद्वारे पहुंच रहे हैं, जिनमें केवल विद्यार्थी ही नहीं, बल्कि यूक्रेन में चालक, रेस्तरां में काम करने वाले और अन्य कई काम-धंधे वाले लोग शामिल हैं। ये सभी दक्षिण भारत, असम, हरियाणा, पंजाब, राजस्थान और अन्य राज्यों से संबंध रखते हैं।