StateNewsदेश - विदेश

‘2035 तक तैयार हो जाएगा इंडियन स्पेस स्टेशन’, ISRO चीफ का बड़ा ऐलान

प्रयागराज। भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) के अध्यक्ष डॉ. वी. नारायणन ने कहा कि भारत ने चंद्रयान और मंगलयान जैसे ऐतिहासिक मिशनों से बड़ी उपलब्धियां हासिल की हैं और अब हमारी महत्वाकांक्षाएं और भी आगे बढ़ रही हैं। उन्होंने बताया कि भारत जल्द ही शुक्र ग्रह पर भी अपना मिशन भेजेगा। “शुक्रयान” नामक इस मिशन को मंजूरी मिल चुकी है और इसके तहत एक यान शुक्र की कक्षा में स्थापित कर वहां के वातावरण और भूगर्भीय गतिविधियों का अध्ययन करेगा।

मोतीलाल नेहरू राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान (एमएनएनआइटी) के 22वें दीक्षांत समारोह में उन्होंने भारत की भविष्य की अंतरिक्ष योजनाओं का विस्तृत खाका प्रस्तुत किया। उन्होंने कहा कि भारत पहली ही कोशिश में मंगल तक पहुंचा और अब पहली ही कोशिश में शुक्र तक भी पहुंचेगा। उन्होंने “नेक्स्ट जेनरेशन लांच व्हीकल” (एनजीएलवी) के विकास की घोषणा की, जो पूरी तरह पुन: प्रयोग योग्य होगा और वर्तमान लांचरों से तीन गुणा अधिक क्षमता वाला होगा।

इसरो चीफ ने बताया कि गगनयान मिशन अपने अंतिम चरण में है और जल्द ही पहला मानव रहित प्रक्षेपण होगा। भारत का लक्ष्य है कि वर्ष 2035 तक अपना “भारतीय अंतरिक्ष स्टेशन” (BAS) तैयार किया जाए, जिसके लिए 2027 से ही मॉड्यूल तैनाती शुरू होगी। आने वाले वर्षों में चंद्रयान-4 को “सैंपल रिटर्न मिशन” और चंद्रयान-5 को जापान की जेएएक्सए एजेंसी के सहयोग से लॉन्च किया जाएगा। उन्होंने कहा कि भारत 2040 तक अपने अंतरिक्ष यात्रियों को स्वदेशी मिशन के जरिए चंद्रमा पर भेजेगा और 2047 तक अंतरिक्ष विज्ञान में विश्व का अग्रणी केंद्र बनने का लक्ष्य रखता है।

Related Articles

Back to top button