भारत को जल्द मिलेगा रूस से बना आधुनिक युद्धपोत ‘तमल’

दिल्ली। भारत की समुद्री ताकत जल्द और मजबूत होने वाली है। रूस में बना एक नया स्टील्थ युद्धपोत ‘तमल’ इस महीने के आखिर यानी 28 मई को भारतीय नौसेना को सौंपा जाएगा। इसके बाद जून में इसे आधिकारिक रूप से नौसेना में शामिल किया जाएगा।
यह जंगी जहाज बहुत खास है क्योंकि यह ब्रह्मोस मिसाइल से लैस होगा और रडार की पकड़ में भी नहीं आएगा। यानी यह दुश्मन की नजरों से छिपकर हमला कर सकता है। ‘तमल’ युद्धपोत 2016 में हुए भारत-रूस रक्षा समझौते का हिस्सा है। इस समझौते के तहत चार ‘तलवार-क्लास’ युद्धपोत बनाए जा रहे हैं। इनमें से दो रूस में और दो भारत के गोवा शिपयार्ड में बनाए जा रहे हैं।
‘तमल’ रूस में बनने वाला दूसरा युद्धपोत है। इससे पहले ‘INS तुशिल’ को दिसंबर 2024 में नौसेना में शामिल किया गया था। इस युद्धपोत को चलाने के लिए 200 से ज्यादा भारतीय नौसैनिकों ने रूस में ट्रेनिंग ली है। यही नौसैनिक अब ‘तमल’ को भारत लाएंगे। भारत में गोवा में दो और ऐसे युद्धपोत बनाए जा रहे हैं। इनके लिए जरूरी इंजन पहले ही आ चुके हैं। यह भारत की आत्मनिर्भरता की दिशा में एक अहम कदम है। ‘INS तुशिल’ रूस से समुद्र के रास्ते 12,500 नॉटिकल मील का सफर तय करके भारत आया था। अब ‘तमल’ उसकी जगह लेगा, जो और भी ज्यादा आधुनिक है।