ChhattisgarhStateNewsछत्तीसगढ़

संविधान में आस्था रखकर आगे बढ़ रहा है विश्व का सबसे बड़ा लोकतंत्र भारत : सीएम साय

रायपुर। रायपुर के टाउन हॉल में 75वें संविधान दिवस के अवसर पर आयोजित “हमारा संविधान, हमारा स्वाभिमान” कार्यक्रम में आज मुख्यमंत्री विष्णु देव साय शामिल हुए। कार्यक्रम की शुरुआत संविधान की प्रस्तावना के सामूहिक वाचन से हुई, जिसमें मुख्यमंत्री ने उपस्थित नागरिकों के साथ संविधान के प्रति निष्ठा और सम्मान व्यक्त किया।

उन्होंने संविधान दिवस पर लगे प्रदर्शनी का अवलोकन किया और संविधान पर आधारित लघु फिल्म का भी आनंद लिया। मुख्यमंत्री ने जनप्रतिनिधियों एवं नागरिकों के साथ इस क्षण को स्मरणीय बनाने के लिए सेल्फी भी ली।

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि भारत विश्व का सबसे बड़ा लोकतंत्र है और यह संविधान में आस्था के कारण ही दिन-प्रतिदिन सशक्त हो रहा है। संविधान हर नागरिक को स्वतंत्रता, समानता और अभिव्यक्ति का अधिकार देता है। उन्होंने कहा कि आम जन का विधायक, सांसद जैसे महत्वपूर्ण पदों तक पहुंचना संविधान की उदार और लोकतांत्रिक संरचना का सशक्त उदाहरण है।

मुख्यमंत्री ने संविधान निर्मात्री सभा के सदस्यों के अमूल्य योगदान को याद करते हुए कहा कि सभी क्षेत्रों के प्रतिनिधियों की सहभागिता से बना यह संविधान हमारी राष्ट्रीय एकता का आधार है। उन्होंने विशेष रूप से छत्तीसगढ़ से जुड़े उन महान नेताओं को नमन किया जिन्होंने संविधान निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। श्री साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ की यह गौरवपूर्ण साझेदारी हम सभी के लिए प्रेरणा का स्रोत है।

कार्यक्रम में विधायक राजेश मूणत, पुरंदर मिश्रा, सुनील सोनी, संस्कृति विभाग के सचिव डॉ. रोहित यादव सहित बड़ी संख्या में प्रबुद्धजन उपस्थित थे। कार्यक्रम ने संविधान की मूल भावनाओं को पुनः स्मरण कराते हुए लोकतांत्रिक मूल्य मजबूत किए।

Related Articles

Back to top button