ChhattisgarhStateNewsछत्तीसगढ़

सरकारी राशन दुकान में सेंधमारी, ताला तोड़कर 26 क्विंटल चावल और इलेक्ट्रॉनिक कांटा चोरी

कवर्धा के बानो गांव में वारदात, गरीबों के हक के राशन पर चोरों ने किया हाथ साफ

कवर्धा। कवर्धा जिले के पिपरिया थाना क्षेत्र में चोरों ने सरकारी उचित मूल्य दुकान को निशाना बनाते हुए बड़ी चोरी की वारदात को अंजाम दिया। अज्ञात चोर दुकान का ताला तोड़कर करीब 26 क्विंटल सरकारी चावल और एक इलेक्ट्रॉनिक कांटा चोरी कर ले गए। चोरी गए सामान की कीमत करीब 75 हजार रुपए से ज्यादा बताई जा रही है।

जानकारी के मुताबिक घटना ग्राम बानो की शासकीय उचित मूल्य दुकान की है। बीती रात अज्ञात चोर दुकान का ताला तोड़कर अंदर घुस गए और वहां रखे सरकारी चावल के कट्टे उठा ले गए। चोरों ने दुकान में रखा इलेक्ट्रॉनिक कांटा भी पार कर दिया।

सुबह जब रोज की तरह सोसायटी संचालक दुकान खोलने पहुंचे तो उन्होंने ताला टूटा देखा। अंदर जाकर देखने पर सामान बिखरा पड़ा था। जांच करने पर पता चला कि करीब 53 कट्टा यानी लगभग 26 क्विंटल चावल और इलेक्ट्रॉनिक कांटा गायब है। इसके बाद संचालक ने तत्काल मामले की जानकारी विभागीय अधिकारियों और पुलिस को दी।

सूचना मिलते ही पिपरिया थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ भी की और चोरी के संबंध में सुराग जुटाने का प्रयास किया। फिलहाल अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।

गौरतलब है कि छत्तीसगढ़ सरकार अन्नपूर्णा योजना के तहत गरीब और जरूरतमंद परिवारों को निशुल्क चावल उपलब्ध कराती है। ऐसे में राशन दुकान में हुई इस चोरी से गरीबों के हिस्से का अनाज ही गायब हो गया है। घटना के बाद गांव में नाराजगी का माहौल है और ग्रामीणों ने जल्द से जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की है। पुलिस का कहना है कि आसपास लगे सीसीटीवी और अन्य सुरागों के आधार पर आरोपियों की तलाश की जा रही है।

Related Articles

Back to top button