रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि 25 वर्षों की विकास यात्रा में छत्तीसगढ़ ने शिक्षा, उद्योग और बुनियादी ढांचे सहित हर क्षेत्र में नए कीर्तिमान रचे हैं। वे आज राजधानी रायपुर में आयोजित आईबीसी 24 स्वर्ण शारदा स्कॉलरशिप 2025 कार्यक्रम में शामिल हुए और 12वीं कक्षा की प्रवीण्य सूची में स्थान प्राप्त करने वाली प्रदेश की मेधावी बेटियों को सम्मानित किया। मुख्यमंत्री ने छात्राओं को स्कॉलरशिप के चेक प्रदान किए और उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि यह स्कॉलरशिप बेटियों का आत्मविश्वास बढ़ाने के साथ-साथ आर्थिक सहयोग देकर उच्च शिक्षा के मार्ग को सुगम बनाती है। उन्होंने कहा कि अटल जी के प्रयासों से बने छत्तीसगढ़ ने आज 25 वर्षों में शिक्षा और विकास की नई पहचान बनाई है। अब प्रदेश का विजन डॉक्यूमेंट “विकसित छत्तीसगढ़” तैयार कर लिया गया है, जिस पर तेजी से कार्य हो रहा है।
उन्होंने बताया कि प्रदेश में शिक्षा के क्षेत्र में आईआईटी, आईआईएम, एम्स और 10 से अधिक मेडिकल कॉलेज स्थापित हुए हैं। शिक्षक युक्तियुक्तरण से अब कोई भी स्कूल शिक्षकविहीन नहीं है। यहां तक कि सुदूर अंचलों में भी गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध हो रही है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि खनिज संपदा से भरपूर छत्तीसगढ़ औद्योगिक निवेश का बड़ा केंद्र बन रहा है। नई औद्योगिक नीति से 6.50 लाख करोड़ रुपये से अधिक के निवेश प्रस्ताव मिले हैं, जिससे बड़े पैमाने पर रोजगार सृजन होगा और युवाओं को बाहर जाने की आवश्यकता नहीं होगी।
कार्यक्रम के दौरान छात्राओं ने मुख्यमंत्री से संवाद भी किया। गरियाबंद की प्रिया बघेल ने खेल प्रतिभा पर प्रश्न किया, जिस पर मुख्यमंत्री ने खेलो इंडिया सेंटर की पहल बताई। वहीं, खुशी देवांगन ने तकनीक और एआई से जुड़े सवाल पूछे, जिस पर मुख्यमंत्री ने तकनीक-आधारित शिक्षा को बढ़ावा देने की बात कही।