रायपुर। रायपुर में अब घर से निकलने वाली कचरा गाड़ी कहां है और कितनी देर में पहुंचेगी, इसकी जानकारी मोबाइल पर मिल सकेगी। नगर निगम ने शहर के सभी कचरा वाहनों को GPS आधारित डिजिटल निगरानी से जोड़ने का फैसला किया है।
इससे नागरिकों को कचरा गाड़ी का इंतजार करने या उसके नहीं पहुंचने पर निगम कार्यालय के चक्कर लगाने की जरूरत नहीं होगी। निगम अधिकारियों के मुताबिक, शिकायत मिलने पर महज 5 मिनट में वाहन की लोकेशन और रूट रिकॉर्ड देखकर उसकी स्थिति पता की जा सकेगी।
50 से 60 वाहनों के रूट डिजिटल किए
सफाई व्यवस्था की निगरानी के लिए इंदौर में इस क्षेत्र में काम कर रही विशेषज्ञ एजेंसी की मदद ली जा रही है। अब तक 50 से 60 कचरा वाहनों के रूट डिजिटल किए जा चुके हैं। तय रूट से वाहन के भटकने, 30 मिनट से ज्यादा देरी करने या किसी जगह बिना वजह 15 से 20 मिनट तक खड़े रहने पर कंट्रोल रूम में अलर्ट जारी होगा। इसे रेड फ्लैग सिस्टम नाम दिया गया है।
सफाई से पहले और बाद की फोटो होगी अपलोड
सड़क और नालियों की सफाई का रिकॉर्ड भी डिजिटल रखा जाएगा। सफाई से पहले और काम पूरा होने के बाद की तस्वीरें अपलोड करनी होंगी। इससे अधिकारी मौके पर हुए काम की स्थिति का मिलान कर सकेंगे। कचरा गाड़ी नहीं पहुंचने की शिकायत पर भी GPS रिकॉर्ड से जांच की जा सकेगी।
कचरा फेंकने वालों पर CCTV से नजर
सार्वजनिक स्थानों पर कचरा फेंकने वालों पर कार्रवाई के लिए संवेदनशील जगहों पर CCTV कैमरे लगाए जा रहे हैं। सफाईकर्मी भी कचरा फैलाने वालों की तस्वीरें समय और लोकेशन के साथ अपलोड कर सकेंगे। इसके आधार पर संबंधित लोगों के खिलाफ चालानी कार्रवाई की जाएगी।
कचरा डंपिंग वाली जगहों पर बनेंगे ग्रीन कॉर्नर
नगर निगम खाली प्लॉट और मोहल्लों में कचरे के ढेर वाली जगहों को पार्क और ग्रीन कॉर्नर में बदलने की तैयारी कर रहा है। टूरी हटरी और गुरु तेग बहादुर उद्यान की तर्ज पर सभी जोनों को हर सप्ताह दो स्थानों का कायाकल्प करने का लक्ष्य दिया गया है। यहां पौधरोपण, लाइटिंग, पेवर ब्लॉक और बैठने की व्यवस्था की जाएगी।
