ChhattisgarhStateNewsछत्तीसगढ़

रायपुर में सड़क में गाड़ी खड़ी करने–दुकान लगाने में कटेगा चालान

रायपुर। राजधानी रायपुर की यातायात व्यवस्था दुरुस्त करने के लिए रायपुर कमिश्नर और नगर निगम कमिश्नर ने संयुक्त रुप से एक्शन प्लान बनाया है। 

सोमवार को पुलिस और नगर निगम के अधिकारियों ने बैठक लेकर राजधानी की मुख्य सड़कों पर  पर अवैध पार्किंग और ठेला-खोमचा लगाने पर सख्त कार्रवाई करने की निर्देश अधीनस्थ अधिकारियों को जारी किया है। विभागीय अधिकारियों के अनुसार नियम तोड़ने वालों पर एक्शन लिया जाएगा। आदेश का उल्लंघन करने वालों पर चालानी कार्रवाई के साथ वाहन टोइंग भी की जाएगी।

कंट्रोल रुम में अफसरों ने ली बैठक

पुलिस कंट्रोल रूम में आयोजित बैठक में पुलिस कमिश्नर डॉ. संजीव शुक्ला और नगर निगम कमिश्नर  विश्वदीप ने अधिकारियों के साथ विस्तृत रणनीति पर चर्चा की। बैठक में शहर के तीनों जोन के पुलिस उपायुक्त और ट्रैफिक पुलिस उपायुक्त मौजूद रहे। उद्देश्य शहर के प्रमुख मार्गों और चौक-चौराहों पर यातायात दबाव कम कर नागरिकों को निर्बाध आवागमन सुविधा देना है।

योजना के तहत शहर के सभी प्रमुख मार्गों को चरणबद्ध रूप से अतिक्रमण मुक्त कराया जाएगा। सभी तिराहा-चौराहों से चारों दिशाओं में 50-50 मीटर तक नो पार्किंग और नो वेंडिंग जोन लागू रहेगा। इस क्षेत्र में वाहन खड़ा करने या ठेला लगाने पर तत्काल चालान काटा जाएगा।

सर्विस रोड़ में ट्रक खड़े करने वालों पर होगी कार्रवाई

रिंग रोड नंबर-01 में टाटीबंध चौक से जोरा ब्रिज तक सर्विस रोड पर खड़े वाहनों के खिलाफ विशेष अभियान चलाकर सख्त कार्रवाई होगी। यहां अवैध पार्किंग पाए जाने पर क्रेन और टोइंग की मदद से वाहन हटाए जाएंगे। इसके अलावा प्रमुख मार्गों पर रोड मार्किंग और जेब्रा क्रॉसिंग बनाई जाएगी, ताकि ट्रैफिक संचालन अधिक व्यवस्थित हो सके। सभी ऑटोमैटिक सिग्नल वाले चौक पर लेफ्ट टर्न फ्री करने के लिए कांक्रीट ब्लॉक लगाए जाएंगे।

Related Articles

Back to top button