रायपुर में जीजा ने सालियों को गोली मारी, दो बहनों की मौत; आरोपी ने किया सरेंडर

रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में घरेलू विवाद ने खूनी रूप ले लिया। मोवा थाना क्षेत्र में एक बाउंसर ने अपनी लाइसेंसी पिस्टल से फायरिंग कर साली की हत्या कर दी, जबकि दूसरी साली ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। घटना के बाद आरोपी ने खुद थाने पहुंचकर सरेंडर कर दिया।

मिली जानकारी के अनुसार, आरोपी जीतेंद्र वर्मा उर्फ जित्तू (32) अपनी पत्नी खिलेश्वरी पर शक करता था, जिसके चलते दोनों के बीच अक्सर विवाद होता था। मंगलवार को भी झगड़े के बाद पत्नी अपने बच्चे के साथ मायके चली गई थी। रात करीब 9 बजे नशे में धुत आरोपी ससुराल पहुंचा और बच्चे से मिलने की जिद करने लगा।

इस दौरान उसकी सालियां गीतांजलि वर्मा (26) और दुर्गेश्वरी वर्मा (24) ने उसे समझाकर वापस जाने को कहा। इसी बात से गुस्साए जीतेंद्र ने पिस्टल निकालकर फायरिंग शुरू कर दी। एक गोली गीतांजलि के माथे पर लगी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वहीं दूसरी गोली दुर्गेश्वरी की पीठ में लगी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई थी।

घटना के बाद आसपास के लोगों ने दोनों बहनों को अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने गीतांजलि को मृत घोषित कर दिया। वहीं दुर्गेश्वरी ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। वारदात के बाद आरोपी मौके से भागा नहीं, बल्कि बाहर आकर हवाई फायरिंग की और फिर खुद थाने पहुंच गया।

पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर उसकी लाइसेंसी पिस्टल बरामद कर ली है। मामले में जांच जारी है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी अपनी पत्नी के चरित्र पर संदेह करता था, जिसके चलते यह घटना हुई।

Exit mobile version