लड़कियों के दो गुटों में मारपीट: युवती को जमीन पर पटका, लात-घूंसों से पीटा; स्टेटस में लिखा- कैसा लगा

बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में लड़कियों के दो गुटों के बीच मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो में कुछ लड़कियां एक युवती को जमीन पर पटककर लात-घूंसों से पीटती और उसके बाल खींचती नजर आ रही हैं। घटना शुक्रवार रात सिविल लाइन थाना क्षेत्र के कुदुदंड पुल के पास की बताई जा रही है।

बताया जा रहा है कि दोनों पक्षों के बीच पुरानी रंजिश थी। इसी विवाद को लेकर सड़क पर मारपीट हुई। घटना का वीडियो किसी ने बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। मारपीट में शामिल एक युवती के इंस्टाग्राम अकाउंट पर स्टेटस लगाए जाने का दावा भी किया जा रहा है। इसमें कथित तौर पर लिखा गया- ‘कैसा लगा।’

वायरल वीडियो में युवती की पहचान का दावा

वायरल वीडियो में नीले कपड़े में नजर आ रही युवती की पहचान तान्या अली के रूप में बताई जा रही है। दावा है कि इससे पहले भी सिरगिट्टी थाना क्षेत्र में उसके मारपीट का एक वीडियो सामने आया था। उस मामले में केस दर्ज होने की बात कही गई है।

हालांकि, मौजूदा घटना को लेकर पुलिस की ओर से अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। पुलिस के मुताबिक, फिलहाल थाने में इस मामले की शिकायत या सूचना नहीं मिली है।

सोशल मीडिया पोस्ट की भी जांच की जरूरत

घटना के बाद कथित इंस्टाग्राम स्टेटस को लेकर भी सोशल मीडिया पर चर्चा है। इसमें खुद को ताकतवर दिखाने वाली पोस्ट किए जाने का दावा किया जा रहा है। हालांकि, पोस्ट की वास्तविकता और अकाउंट की पुष्टि पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगी।

फिलहाल मारपीट की शुरुआत किस बात को लेकर हुई, इसमें कितनी लड़कियां शामिल थीं और दोनों पक्षों के बीच पुराना विवाद क्या था, यह स्पष्ट नहीं है। पुलिस शिकायत मिलने के बाद वायरल वीडियो और सोशल मीडिया पोस्ट के आधार पर जांच कर सकती है। संबंधित पक्षों के बयान के बाद पूरे घटनाक्रम की स्थिति स्पष्ट होगी।

↑
Exit mobile version