ChhattisgarhStateNewsछत्तीसगढ़

बिलासपुर में भाजपा नेता ने पार्षद को मारने यूपी से बुलवाए शूटर, नारियल की आड़ में गांजा तस्करी का आरोप

बिलासपुर। छत्तीसगढ़ में एक गंभीर मामला सामने आया है, जिसमें भाजपा नेता ने अपने ही पार्टी के पार्षद बंधु मौर्य की हत्या के लिए यूपी से शूटर बुलवाए। पुलिस ने खुलासा किया कि अनुसूचित जाति मोर्चा के मंडल अध्यक्ष और भाजपा नेता राजू सोनकर ने हिस्ट्रीशीटर नारद श्रीवास की मदद से 25 लाख रुपए में हत्या की सुपारी दी, जिसमें 6 लाख रुपए एडवांस भी शामिल थे।

बंधु मौर्य ने मीडिया से बातचीत में बताया कि दुकान खाली कराने के विवाद ने इस मामले को बढ़ा दिया। उनके अनुसार राजू सोनकर नारियल बेचने की आड़ में गांजा तस्करी करता था। बंधु मौर्य ने दुकान खाली कराने की कोशिश की, जिस पर राजू सोनकर ने रंजिश पाल ली और हत्या की साजिश रच दी।

पुलिस ने नारद श्रीवास और अन्य छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से लूटा गया सोना, कैश और हथियार बरामद किए गए हैं। शुरुआती योजना के तहत 18 दिसंबर की रात पार्षद की कार रोककर हमला किया जाना था, लेकिन बंधु मौर्य ने कार की स्पीड बढ़ा दी, जिससे वारदात नाकाम रही।

बंधु मौर्य ने कहा कि राजू सोनकर की गतिविधियां संदिग्ध थीं, उत्तरप्रदेश, बिहार और ओडिशा से लोग उसके दुकान पर आते थे, शराबखोरी करते और चौकीदार को धमकाते थे। उन्होंने पुलिस से राजू सोनकर की संपत्ति की जांच कराने की मांग की।

बंधु मौर्य ने यह भी स्पष्ट किया कि उनका मकसद राजनीति में ऊपर पद पाना नहीं है, बल्कि केवल अपने कारोबार और दुकान को सुरक्षित रखना था। उन्होंने कहा कि ऐसे लोग भाजपा संगठन में नहीं होने चाहिए।

पुलिस के मुताबिक, हत्या की असफल कोशिश के बाद आरोपियों ने लूटकांड की योजना बनाई, जिसमें कुछ सफल और कुछ नाकाम रही। यह मामला पार्टी और स्थानीय राजनीति में हलचल पैदा कर रहा है।

Related Articles

Back to top button