छत्तीसगढ़ में तेज बारिश का असर, उत्तरी जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी

गौरेला-पेंड्रा-मरवाही में भारी बारिश, 19.59 मिमी औसत वर्षा दर्ज; तापमान में भी गिरावट

रायपुर। छत्तीसगढ़ के गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले में गुरुवार सुबह से तेज बारिश हो रही है। राजधानी रायपुर में भी बूंदाबांदी और घने बादल छाए हुए हैं। मौसम विभाग ने सूरजपुर और बलरामपुर में भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट, जबकि 7 जिलों में बिजली गिरने का यलो अलर्ट जारी किया है।

बारिश और बादलों की वजह से प्रदेश के तापमान में 4-5 डिग्री की गिरावट दर्ज की गई है। बुधवार को दुर्ग सबसे गर्म रहा, जहां 35.4°C तापमान दर्ज हुआ। मानसून अब तक प्रदेश के 75% हिस्से में पहुंच चुका है, हालांकि बुधवार को खास बदलाव नहीं हुआ। पिछले 24 घंटे में 19.59 मिमी औसत वर्षा दर्ज की गई। कोरबा और रायगढ़ में झमाझम बारिश हुई। मानसून बस्तर से रायपुर होते हुए सरगुजा तक पहुंच चुका है। सरगुजा संभाग में अगले दिनों में मध्यम से भारी बारिश का अनुमान है।

हालांकि जून में अब तक 33 में से 27 जिलों में सामान्य से कम बारिश हुई है। पूरे राज्य में औसतन 51% वर्षा की कमी दर्ज की गई है। यदि यही स्थिति रही तो खरीफ फसलों पर असर पड़ सकता है। फिलहाल इस वर्ष की स्थिति पिछले साल से बेहतर है। इस बार तापमान 42-43°C के आसपास रहा, जबकि 2024 में जून का अधिकतम तापमान 45.7°C तक पहुंच गया था।

Exit mobile version