रायपुर में 45 लाख का अवैध पेट्रोल-डीजल पकड़ा गया, 9 आरोपी गिरफ्तार

रायपुर। राजधानी रायपुर में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 45 लाख रुपए मूल्य का अवैध पेट्रोल-डीजल जब्त किया है। विधानसभा थाना क्षेत्र के टेकारी चौक और पिरदा इलाके के दो अलग-अलग यार्ड में दबिश देकर पुलिस ने 9 आरोपियों को गिरफ्तार किया। पकड़े गए आरोपियों में बिहार और उत्तर प्रदेश के रहने वाले युवक भी शामिल हैं। पुलिस ने दोनों जगहों से कुल 46 हजार लीटर पेट्रोल-डीजल बरामद किया है।

पुलिस को 1 अक्टूबर को सूचना मिली थी कि कुछ लोग यार्ड में टैंकर और ड्रम में बड़ी मात्रा में तेल भरकर अवैध बिक्री कर रहे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस ने पहले टेकारी चौक स्थित यार्ड में रेड मारी, जहां पांच आरोपी रवि यादव (आजमगढ़), नीरज नेताम (मुंगेली), शेख कलीमुद्दीन (रायपुर), शैलेन्द्र उर्फ बिहारी (बिहार) और राज पटेल (रायपुर) पकड़े गए। जांच में टैंकर और ड्रम में भरा तेल मिला। आरोपियों से वैध कागजात मांगे गए तो वे पुलिस को गुमराह करने लगे। इसके बाद करीब 42.30 लाख रुपए का पेट्रोल-डीजल जब्त किया गया।

इसके बाद पुलिस ने पिरदा चौक स्थित सूरज शाह के यार्ड में दबिश दी। यहां से चार आरो अखिलेश चौबे, नीरज कुमार, अरविंद गोड और रोहित सरोज को गिरफ्तार किया गया। उनके पास से 1.40 लाख रुपए मूल्य का तेल बरामद किया गया। पुलिस ने बताया कि आरोपियों ने लंबे समय से अवैध तरीके से तेल का कारोबार शुरू कर रखा था। फिलहाल सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया है। उनके खिलाफ आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस का कहना है कि इस तरह के अवैध कारोबार पर सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

Exit mobile version