IIT बॉम्बे में छात्र की मौत की जांच क्राइम ब्रांच को: पिता ने लगाए जातिगत भेदभाव के आरोप, शिक्षक समेत कई से होगी पूछताछ

मुंबई। मुंबई स्थित IIT बॉम्बे में B.Tech सेकंड ईयर के छात्र साहिल वाकोडे की मौत के मामले की जांच अब मुंबई क्राइम ब्रांच करेगी। साहिल के माता-पिता की शिकायत के आधार पर पवई पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 108 और SC-ST एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। इसके बाद जांच क्राइम ब्रांच को सौंप दी गई है।

साहिल महाराष्ट्र के यवतमाल जिले का रहने वाला था और IIT बॉम्बे के एनर्जी साइंस एंड इंजीनियरिंग विभाग में पढ़ रहा था। पुलिस के मुताबिक, परीक्षा के दौरान कथित तौर पर मोबाइल फोन का इस्तेमाल करते पकड़े जाने के बाद उसने हॉस्टल के कमरे में आत्महत्या कर ली।

पिता ने लगाए गंभीर आरोप

साहिल के पिता ने संस्थान के एक फैकल्टी टीचर सूर्यनारायण दुल्ला पर गंभीर आरोप लगाए हैं। शिकायत में दावा किया गया है कि शिक्षक ने साहिल के साथ जातिसूचक शब्दों का इस्तेमाल किया और उसे झूठे मामले में फंसाने की धमकी दी। पिता का आरोप है कि उनके बेटे को करीब तीन महीने से इस तरह की टिप्पणियों और मानसिक दबाव का सामना करना पड़ रहा था।

परिजनों ने फैकल्टी टीचर के साथ उनके वरिष्ठ अधिकारियों और IIT के कुछ अन्य अधिकारियों के खिलाफ भी शिकायत की है। माता-पिता यवतमाल से मुंबई पहुंचे और पुलिस को बताया कि मौत से पहले साहिल कथित तौर पर संस्थागत उत्पीड़न और जाति आधारित भेदभाव से परेशान था।

सुसाइड नोट नहीं मिला

पुलिस के अनुसार, घटनास्थल से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। ऐसे में जांच टीम छात्र की मौत से पहले की परिस्थितियों, परीक्षा के दौरान हुई घटना और उसके बाद संस्थान में हुई गतिविधियों की जानकारी जुटाएगी। शिकायत में लगाए गए आरोपों की भी जांच की जा रही है।

क्राइम ब्रांच अब संबंधित छात्रों, फैकल्टी और अधिकारियों से पूछताछ कर सकती है। साथ ही हॉस्टल और संस्थान से जुड़े उपलब्ध रिकॉर्ड और अन्य साक्ष्यों की भी जांच की जाएगी। पुलिस का कहना है कि जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

↑
Exit mobile version