StateNews

सर्च ऑपरेशन में निकले जवान आए IED की चपेट में, तीन जवाल घायल; नक्सली ‘अनल दा’ की तलाश में जुटी CRPF

चाईबासा। झारखंड के पश्चिमी सिंहभूम जिले के सारंडा के जंगल में नक्सलियों द्वारा लगाए गए आईईडी ब्लास्ट में तीन जवान घायल हो गए हैं। घटना मंगलवार सुबह 8:40 बजे झारखंड-ओडिशा बॉर्डर के बालिबा और बाबुडेरा जंगल में हुई। 

ब्लास्ट में घायल हुए जवानों में बटालियन 197 के सहायक कमांडेंट जी जे साईं, हवलदार वीटी राव (रेडियो ऑपरेटर), और कॉन्स्टेबल धर्मेंद्र शामिल हैं। इन सभी का इलाज रांची के राज अस्पताल में चल रहा है। पुलिस द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, यह ब्लास्ट एक विशेष जॉइंट सर्च ऑपरेशन के दौरान हुआ। इस ऑपरेशन का उद्देश्य पश्चिमी सिंहभूम जिले के छोटानागरा और जराइकेला थाना क्षेत्र के जंगलों में चलाया जा रहा था। जब सुरक्षाबल बालिबा क्षेत्र में पहुंचे, तो आईईडी विस्फोट हुआ और तीन जवान इसकी चपेट में आ गए।

सुरक्षाबल ने रांची एयरलिफ्ट किया

घायल जवानों की स्थिति गंभीर थी, इसलिए उन्हें तुरंत रांची एयरलिफ्ट किया गया। हेलिकॉप्टर के जरिए उन्हें रांची एयरपोर्ट लाया गया और फिर ग्रीन कॉरिडोर बनाकर राज अस्पताल पहुंचाया गया। फिलहाल सभी जवानों की स्थिति स्थिर बताई जा रही है। झारखंड के डीजीपी अनुराग गुप्ता भी अस्पताल पहुंचे और घायल जवानों का हाल-चाल लिया। उन्होंने जवानों का हौसला बढ़ाते हुए कहा कि राज्य में नक्सलियों के दिन अब खत्म होने वाले हैं। साथ ही, उन्होंने यह भी बताया कि जो आईईडी ब्लास्ट हुआ है, वह काफी पुराना था।

नक्सली अनल दा की तलाश जारी

चाईबासा के जंगलों में सुरक्षाबल एक करोड़ के इनामी नक्सली ‘अनल दा’ की तलाश में जुटे हैं। सीआरपीएफ के 197 बटालियन के कोबरा जवानों और बम निरोधक स्क्वॉड के साथ मिलकर जंगलों में आईईडी क्लीनिंग ऑपरेशन चलाया जा रहा है। यह ऑपरेशन नक्सलियों के खिलाफ लगातार जारी रहेगा।

Related Articles

Back to top button