पति-पत्नी ने सड़क किनारे पेड़ पर लगाई फांसी: बिलासपुर में एक ही फंदे से लटकती मिली लाश

बिलासपुर। जिले के सरकंडा थाना क्षेत्र में रविवार देर रात एक दर्दनाक घटना सामने आई, जहां सड़क किनारे नीम के पेड़ पर पति-पत्नी का शव एक ही फंदे से लटका मिला।
दोनों ने कथित तौर पर पारिवारिक विवाद के चलते आत्महत्या कर ली। मृतकों की पहचान जयरामनगर परसदा निवासी प्रकाश यादव (26) और उनकी पत्नी पूर्णिमा यादव (22) के रूप में हुई है। दोनों की शादी को करीब एक साल ही हुआ था।
पुलिस जांच में सामने आया है कि पूर्णिमा अपने ससुर से अलग रहकर पति के साथ स्वतंत्र जीवन जीना चाहती थी। इसी बात को लेकर घर में अक्सर विवाद होता रहता था।
रविवार रात भी इसी मुद्दे पर पति-पत्नी के बीच कहासुनी हुई, जिसके बाद दोनों ने अलग रहने का फैसला किया और किराए के मकान से अपना सामान समेट लिया। इसके बाद वे घर से बाहर निकले और सीपत रोड स्थित सूर्या चौक पटवारी प्रशिक्षण केंद्र के पास नीम के पेड़ पर एक ही कपड़े से फंदा बनाकर आत्महत्या कर ली।
रात में राहगीरों ने पेड़ पर दोनों के शव लटकते देखे और तुरंत पुलिस को सूचना दी। मौके पर सरकंडा थाना पुलिस टीम पहुंची और शवों को नीचे उतारकर पंचनामा कार्रवाई की। सूचना मिलने पर प्रकाश के पिता दिलहरण यादव भी घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने आसपास के लोगों और परिजनों से पूछताछ की।
पुलिस के अनुसार, दोनों के गले में एक ही कपड़े का फंदा लगा हुआ था, जिससे यह स्पष्ट है कि दोनों ने साथ में यह कदम उठाया। शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए अस्पताल भेज दिया गया है और मर्ग कायम कर विस्तृत जांच की जा रही है।
सरकंडा थाना पुलिस का कहना है कि प्रारंभिक जांच में पारिवारिक तनाव को आत्महत्या का कारण माना जा रहा है, हालांकि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और आगे की जांच के बाद ही स्थिति पूरी तरह स्पष्ट हो पाएगी। इस हृदयविदारक घटना से पूरे इलाके में शोक और सनसनी का माहौल है।





