पति पर मारपीट, बाल काटने और धमकी देने का आरोप: महिला की शिकायत पर केस दर्ज, जांच में जुटी पुलिस

कोरिया। जिले के ग्राम पण्डोपारा में एक महिला ने अपने पति पर मारपीट, गाली-गलौज, बाल काटने और जान से मारने की धमकी देने का गंभीर आरोप लगाया है। महिला की शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। घटना के बाद क्षेत्र में चर्चा का माहौल है।

पीड़िता ने पुलिस को बताया कि उसने प्रेम विवाह किया था और उसके चार बच्चे हैं, जो वर्तमान में उसके पति के साथ रह रहे हैं। महिला के अनुसार आर्थिक तंगी और पति द्वारा करीब एक वर्ष पहले छोड़ दिए जाने के कारण वह अपने समाज के एक परिचित व्यक्ति के यहां रह रही थी। इसी दौरान उसका पति वहां पहुंच गया और कथित तौर पर उसे घर के बाहर बुलाकर अश्लील गालियां देने लगा।

महिला का आरोप है कि विरोध करने पर पति ने उसके साथ हाथ-मुक्कों से मारपीट की। इतना ही नहीं, कैंची और ब्लेड से उसके बाल भी काट दिए। पीड़िता ने यह भी आरोप लगाया है कि आरोपी ने उसके साथ अमानवीय व्यवहार करते हुए जबरन पेशाब पिलाने की कोशिश की। घटना से वह शारीरिक और मानसिक रूप से बेहद आहत है।

महिला के मुताबिक घटना के समय आसपास मौजूद कई लोगों ने पूरा घटनाक्रम देखा और सुना। वहीं कुछ लोगों द्वारा घटना का वीडियो बनाए जाने की भी जानकारी सामने आई है, जो जांच में महत्वपूर्ण साक्ष्य साबित हो सकता है।

पुलिस ने शिकायत दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। जांच अधिकारी प्रत्यक्षदर्शियों के बयान दर्ज कर रहे हैं और उपलब्ध वीडियो फुटेज की भी पड़ताल की जा रही है। पुलिस का कहना है कि सभी तथ्यों और साक्ष्यों की जांच के बाद आरोपी के खिलाफ नियमानुसार आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल मामले की जांच जारी है और पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर कार्रवाई कर रही है।

Exit mobile version