बालोद में खौफनाक हादसा: 14 चक्का ट्रक ने वन विभाग के चौकीदार को रौंदा, 50 मीटर तक घसीटा; शव के हुए चिथड़े

बालोद। छत्तीसगढ़ के बालोद जिले से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। डौंडी नगर थाना क्षेत्र के अंतर्गत दल्लीराजहरा-भानुप्रतापपुर मुख्य मार्ग पर एक तेज रफ्तार 14 चक्का ट्रक ने मोपेड सवार वन विभाग के वॉचमैन को अपनी चपेट में ले लिया। हादसा इतना वीभत्स था कि ट्रक युवक को करीब 50 मीटर तक सड़क पर घसीटता रहा, जिससे मौके पर ही उसकी दर्दनाक मौत हो गई।
CCTV में कैद हुई मौत की लाइव फुटेज
हादसे का एक लाइव सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें देखा जा सकता है कि ग्राम परसदा निवासी श्याम सिंह मसीयारे (53) अपनी मोपेड से कच्चे रास्ते से मुख्य सड़क पर आ रहे थे। इसी दौरान दल्लीराजहरा की ओर से आ रहे ट्रक (CG04 LM 3499) ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। मोपेड ट्रक के अगले पहियों में फंस गई और चालक ने ट्रक रोकने के बजाय उसे राम मंदिर तक घसीटा। सड़क पर मृतक के शव के टुकड़े बिखर गए।
प्रसिद्ध वैद्य थे श्याम सिंह
मृतक श्याम सिंह केवल वन विभाग की नर्सरी में चौकीदार ही नहीं थे, बल्कि वे डौंडी क्षेत्र के एक प्रसिद्ध वैद्य भी थे। ग्रामीण बताते हैं कि वे जड़ी-बूटियों के माध्यम से आयुर्वेदिक इलाज करते थे और 5 मार्च को भी वे डौंडी से जड़ी-बूटियां लेकर ही घर लौट रहे थे, तभी यह काल बन कर आया ट्रक उनसे टकरा गया।
गुस्साए ग्रामीणों का चक्काजाम
हादसे के बाद इलाके में भारी तनाव फैल गया। आक्रोशित वार्डवासियों और व्यापारियों ने सड़क पर उतरकर चक्काजाम कर दिया। प्रदर्शनकारियों ने भारी वाहनों (माइंस की गाड़ियों) की आवाजाही पर रोक लगा दी और प्रशासन से सुरक्षा के कड़े इंतजाम करने की मांग की। मौके पर एसडीएम और पुलिस टीम ने पहुंचकर लोगों को शांत कराया और उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया।
पुलिस ने ट्रक को जब्त कर लिया है और आरोपी चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। इस घटना ने एक बार फिर क्षेत्र में भारी वाहनों की अनियंत्रित रफ्तार और सड़क सुरक्षा पर सवाल खड़े कर दिए हैं।



