रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने आज नवा रायपुर स्थित अपने निवास पर एक गरिमामय समारोह में प्रदेश का मान बढ़ाने वाली बेटी श्रीमती आकांक्षा सत्यवंशी को सम्मानित किया।
भारतीय महिला क्रिकेट टीम की फिजियोथेरेपिस्ट आकांक्षा को आईसीसी महिला विश्व कप 2025 की ऐतिहासिक जीत के उपलक्ष्य में टाटा सिएरा (Tata Sierra) कार उपहार स्वरूप प्रदान की गई।
“खेल अधोसंरचना से निखर रही प्रतिभाएं”
मुख्यमंत्री साय ने आकांक्षा को बधाई देते हुए कहा कि हमारी बेटियों ने विश्व कप जीतकर पूरे देश का गौरव बढ़ाया है।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार बस्तर ओलंपिक और सरगुजा ओलंपिक के जरिए सुदूर वनांचलों के युवाओं को खेल से जोड़ रही है।
प्रदेश में खेल अधोसंरचना का निरंतर विकास किया जा रहा है, ताकि खिलाड़ियों को अंतरराष्ट्रीय स्तर का प्रशिक्षण मिल सके। महिला क्रिकेट टीम की यह जीत छत्तीसगढ़ की लाखों बेटियों के लिए प्रेरणा का स्रोत बनेगी।
टाटा मोटर्स की विशेष पहल
उल्लेखनीय है कि भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने पिछले वर्ष अपना पहला महिला विश्व कप खिताब जीतकर इतिहास रचा था।
इस उपलब्धि के सम्मान में टाटा मोटर्स ने टीम की प्रत्येक सदस्य को अपनी प्रीमियम एसयूवी ‘सिएरा’ का टॉप-एंड मॉडल भेंट करने की घोषणा की थी। इसी कड़ी में आज छत्तीसगढ़ की निवासी आकांक्षा को यह कार सौंपी गई।
आकांक्षा ने जताया आभार: “अभिभावक जैसा स्नेह”
सम्मान से गदगद आकांक्षा सत्यवंशी ने मुख्यमंत्री का आभार जताते हुए कहा कि विश्व कप जीतकर लौटने के बाद मुख्यमंत्री ने जिस तरह एक अभिभावक की तरह स्नेह और प्रोत्साहन दिया, उससे उनका मनोबल बढ़ा है।
उन्होंने फिजियोथेरेपिस्ट के रूप में टीम की यात्रा और जीत के रोमांचक अनुभव भी साझा किए। समारोह में भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार मंडल के अध्यक्ष डॉ. रामप्रताप सिंह और टाटा मोटर्स के प्रतिनिधि भी मौजूद थे।
