प्रेम और सद्भाव के रंगों से सराबोर हो होली: सीएम साय

सीएम साय ने प्रदेशवासियों को दी होली की शुभकामनाएं
रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने रंगों के पावन पर्व होली के अवसर पर प्रदेशवासियों को हार्दिक बधाई और शुभकामनाएँ दी हैं। उन्होंने कामना की है कि यह उल्लास, उमंग और आत्मीयता का महापर्व सभी के जीवन में सुख, शांति, समृद्धि और नई ऊर्जा का संचार करे।
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि होली केवल रंगों का त्योहार नहीं, बल्कि आपसी प्रेम, सौहार्द और भाईचारे को मजबूत करने का अवसर है। यह पर्व समाज में समरसता और एकता की भावना को प्रगाढ़ करता है तथा हमें सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ने की प्रेरणा देता है। उन्होंने कहा कि भारतीय संस्कृति में होली का विशेष महत्व है, क्योंकि यह बुराई पर अच्छाई की विजय और वैमनस्य पर प्रेम की जीत का प्रतीक है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि विविधताओं से भरे हमारे समाज की असली ताकत परस्पर विश्वास, अपनत्व और सहयोग में निहित है। होली के रंग हमें यही संदेश देते हैं कि हम भेदभाव भुलाकर एक-दूसरे के साथ खुशियाँ बाँटें और सामाजिक सौहार्द को और मजबूत करें।
सीएम साय ने प्रदेशवासियों से अपील की कि वे इस पर्व को हर्षोल्लास के साथ-साथ संयम और पारंपरिक मर्यादाओं में रहकर मनाएँ। प्राकृतिक और हर्बल रंगों का उपयोग कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दें। साथ ही समाज के वंचित और जरूरतमंद वर्गों के साथ भी होली की खुशियाँ साझा करें।
उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि प्रेम और सद्भाव के रंगों से सजी यह होली छत्तीसगढ़ की सामाजिक समरसता और सांस्कृतिक गौरव को और अधिक सुदृढ़ करेगी।





