हाईवोल्टेज ड्रामा: रायपुर में 35 फीट ऊंचे होर्डिंग पर चढ़ी युवती

रायपुर। रायपुर के शंकर नगर इलाके में बुधवार सुबह हाईवोल्टेज ड्रामा देखने को मिला, जब एक युवती अचानक सड़क किनारे लगे करीब 35 फीट ऊंचे होर्डिंग पर चढ़ गई। युवती करीब 40 मिनट तक ऊपर बैठी रही, जिससे इलाके में हड़कंप मच गया और सड़क पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई।

घटना खम्हारडीह थाना क्षेत्र की बताई जा रही है। सूचना मिलते ही पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची। युवती को सुरक्षित नीचे उतारने के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया। टीम ने लंबी सीढ़ी लगाई और किसी अनहोनी से बचने के लिए नीचे सुरक्षा जाली भी बिछाई गई।

रेस्क्यू के दौरान आसपास के लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई थी। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया। पुलिसकर्मी लगातार युवती से बातचीत कर उसे नीचे आने के लिए समझाते रहे। करीब 40 मिनट की मशक्कत के बाद स्थानीय लोगों और फायर ब्रिगेड की मदद से युवती को सुरक्षित नीचे उतार लिया गया।

रेस्क्यू के बाद पुलिस युवती को अपने साथ थाने ले गई, जहां उससे पूछताछ की जा रही है। शुरुआती जांच में युवती मानसिक रूप से अस्थिर नजर आई। हालांकि उसने किसी घरेलू विवाद या किसी अन्य परेशानी से इनकार किया है।

फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि युवती आखिर अचानक होर्डिंग पर क्यों चढ़ गई थी। घटना के दौरान कुछ समय तक इलाके में ट्रैफिक भी प्रभावित रहा।

स्थानीय लोगों के मुताबिक, युवती को इतनी ऊंचाई पर बैठा देखकर लोग डर गए थे और किसी बड़े हादसे की आशंका से अफरा-तफरी मच गई थी।

Exit mobile version