StateNews

केरल में भारी बारिश से तबाही, 4 की मौत, कई राज्यों में रेड अलर्ट जारी

दिल्ली। देश में मानसून की तेज शुरुआत के बीच केरल में भारी बारिश से बड़ा हादसा हो गया है। सोमवार को हुई तेज बारिश और भूस्खलन की घटनाओं में अब तक 4 लोगों की मौत हो चुकी है। राज्य के 29 घर पूरी तरह से ढह गए हैं, जबकि 868 घर आंशिक रूप से क्षतिग्रस्त हुए हैं। सरकार ने प्रभावित जिलों में राहत शिविर खोल दिए हैं ताकि पीड़ितों को अस्थायी आवास और मदद मिल सके।

मुंबई और ठाणे में रेड अलर्ट

महाराष्ट्र के मुंबई और ठाणे जिलों में आज भारी बारिश का रेड अलर्ट जारी किया गया है। सोमवार को मुंबई में दिनभर तेज बारिश हुई, जिससे वर्ली मेट्रो स्टेशन में पानी भर गया। अंधेरी, भांडुप, पवई जैसे इलाकों में सड़कों पर पानी भरने से भारी जाम लग गया। लोकल ट्रेनों और फ्लाइट्स के संचालन पर भी असर पड़ा है।इस साल मुंबई में मानसून 16 दिन पहले ही पहुंच गया है, जिससे जलभराव और ट्रैफिक की समस्याएं शुरू हो चुकी हैं।

हिमाचल प्रदेश में तूफान और ओलावृष्टि का खतरा

हिमाचल प्रदेश में आज के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। कांगड़ा, कुल्लू, मंडी, सोलन और सिरमौर जिलों में 60 किमी/घंटा की रफ्तार से आंधी चलने की संभावना है। 27 और 28 मई को भी शिमला, मंडी और कुल्लू में तूफान और ओलावृष्टि की चेतावनी दी गई है।

हरियाणा और पंजाब में भी बारिश की संभावना

हरियाणा में आगामी चार दिनों तक बारिश के आसार हैं। 27 और 28 मई को 14 जिलों में बारिश हो सकती है। वहीं पंजाब में भी आज 10 जिलों में तेज हवाओं और बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। हवाएं 50 किमी/घंटा की रफ्तार से चल सकती हैं।

बिहार में 32 जिलों में अलर्ट

बिहार के 32 जिलों में आज आंधी और बारिश का यलो और ऑरेंज अलर्ट है। गया, नवादा और शेखपुरा समेत 7 जिलों में 60 किमी/घंटा की तेज हवाएं चलेंगी और बिजली गिरने की भी संभावना है। मानसून इस बार बिहार में 5 सालों में सबसे पहले पहुंच सकता है।

छत्तीसगढ़ में जल्दी पहुंचेगा मानसून

केरल में समय से पहले मानसून पहुंच चुका है और छत्तीसगढ़ में 8 जून तक इसके पहुंचने की संभावना है। यह पिछले 5 वर्षों में सबसे जल्दी होगा। राज्य के कई हिस्सों में यलो अलर्ट जारी किया गया है और 4 दिनों में करीब 2000 मिमी वर्षा दर्ज की गई है।

Related Articles

Back to top button