रायपुर। छत्तीसगढ़ में मौसम लगातार करवट बदल रहा है। राजधानी रायपुर में शुक्रवार सुबह से झमाझम बारिश हो रही है। आसमान में घने काले बादल छाए हुए हैं और कई इलाकों में गरज-चमक के साथ तेज बारिश दर्ज की गई। बारिश के चलते लोगों को भीषण गर्मी से कुछ राहत मिली है, लेकिन मौसम विभाग ने अगले चार दिनों तक प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में अंधड़ और खराब मौसम की चेतावनी जारी की है।
मौसम विभाग के मुताबिक प्रदेश में अगले चार दिनों तक गरज-चमक, तेज हवाएं और हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। कई जिलों में बिजली गिरने और तेज हवाएं चलने का अलर्ट भी जारी किया गया है। विभाग ने लोगों को खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने की सलाह दी है।
वहीं दूसरी ओर, 17 मई से मध्य छत्तीसगढ़ के कुछ इलाकों में हीटवेव चलने की चेतावनी दी गई है। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार अगले पांच दिनों में प्रदेश के अधिकतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी हो सकती है। यानी बारिश के बाद फिर से गर्मी का असर तेज होने की संभावना है।
प्रदेश में गुरुवार को सबसे अधिक तापमान राजनांदगांव में 44 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। वहीं सबसे कम न्यूनतम तापमान पेंड्रा रोड में 22.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ।
मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि पश्चिमी विक्षोभ और स्थानीय मौसम प्रणालियों के सक्रिय होने की वजह से प्रदेश में अचानक मौसम बदल रहा है। दिन में उमस और गर्मी के बाद शाम या सुबह बारिश का दौर जारी रह सकता है। किसानों और आम लोगों को मौसम अपडेट पर नजर बनाए रखने की सलाह दी गई है।
