छत्तीसगढ़ में अगले 2 दिन तेज बारिश, सरगुजा में धुंध से विजिबिलिटी कम

रायपुर। मौसम विभाग ने अगले दो दिनों तक पूरे छत्तीसगढ़ में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताई है। इस दौरान कई क्षेत्रों में गरज-चमक, तेज आंधी और तूफान जैसी गतिविधियां देखने को मिल सकती हैं। बस्तर, कोंडागांव, कांकेर, धमतरी, गरियाबंद, महासमुंद, जांजगीर-चांपा, रायगढ़, जशपुर, सरगुजा और बलरामपुर जिलों के लिए यलो अलर्ट जारी किया गया है। इन जिलों में बिजली गिरने और तेज हवा के चलते सावधानी बरतने की चेतावनी दी गई है।

सरगुजा में तापमान में गिरावट के बाद सुबह के समय घनी धुंध छा गई है। विजिबिलिटी कम होने से वाहन चालकों को धीमी गति से चलना पड़ा। मौसम विभाग का कहना है कि आने वाले दिनों में ठंड बढ़ने के साथ धुंध और अधिक घनी हो सकती है। अन्य जिलों में मौसम सामान्य रहने की संभावना है। 9 अक्टूबर के बाद उत्तर छत्तीसगढ़ में बारिश और गरज-चमक की तीव्रता में कमी आने की उम्मीद है।

अक्टूबर माह में अब तक सामान्य से 157% अधिक बारिश दर्ज की गई है। आमतौर पर 5 अक्टूबर तक राज्य में औसतन 21.1 मिमी वर्षा होती है, लेकिन इस बार 54 मिमी से अधिक बारिश हो चुकी है। पिछले 24 घंटों में रायपुर, दुर्ग, बिलासपुर और बस्तर संभाग के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश हुई। नारायणपुर और फरसगांव में सबसे अधिक 60 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई।

राज्य में अधिकतम तापमान 31.8°C और न्यूनतम तापमान 21°C राजनांदगांव में दर्ज किया गया। मौसम विभाग ने बताया कि 30 सितंबर तक हुई बारिश को मानसून की बारिश माना गया, जबकि इसके बाद की बारिश को ‘पोस्ट मानसून’ कहा जाता है। इस बार मानसून की वापसी करीब 15 अक्टूबर के बाद होगी, यानी सामान्य से लगभग 10 दिन देरी से।

Exit mobile version