दुर्ग और बस्तर में भारी बारिश का अलर्ट, अन्य जिलों में सामान्य मौसम

रायपुर। बंगाल की खाड़ी में बने निम्न दबाव के क्षेत्र का असर छत्तीसगढ़ के मौसम पर दिखने लगा है। राज्य के ज्यादातर हिस्सों में मानसून एक बार फिर सक्रिय हो गया है। मौसम विभाग ने दुर्ग और बस्तर संभाग के कुछ इलाकों में गरज-चमक के साथ भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। वहीं प्रदेश के अन्य जिलों में हल्की से मध्यम बारिश की स्थिति बनी रहेगी।
पिछले 24 घंटे में सभी संभागों में हल्की से मध्यम वर्षा दर्ज की गई, जबकि दुर्ग और बस्तर के कई स्थानों पर भारी बारिश हुई। शुक्रवार को राजनांदगांव जिले में सर्वाधिक 119 मिमी वर्षा दर्ज की गई। वहीं रायपुर में अधिकतम तापमान 33.1 डिग्री और न्यूनतम 26.6 डिग्री दर्ज किया गया। बिलासपुर का अधिकतम तापमान 32.3 डिग्री और न्यूनतम 26.6 डिग्री रहा।
मौसम विभाग के अनुसार, यह स्थिति अगले एक सप्ताह तक बनी रह सकती है। बंगाल की खाड़ी में ओडिशा और आंध्र प्रदेश की सीमा पर निम्न दबाव का क्षेत्र बन रहा है, जिससे जुड़े ऊपरी हवा के चक्रवाती परिसंचरण का असर प्रदेश में बारिश बढ़ा रहा है। इसके अलावा एक द्रोणिका पश्चिम बंगाल से अरब सागर तक सक्रिय है, जो बारिश के हालात को और मजबूत कर रही है।
विशेषज्ञों का कहना है कि दुर्ग और बस्तर के निवासियों को सतर्क रहना चाहिए, जबकि अन्य जिलों में मौसम सामान्य रहने की संभावना है।