रायपुर। छत्तीसगढ़ में भीषण गर्मी ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी है। राजधानी रायपुर समेत कई जिलों में तापमान लगातार 43 डिग्री सेल्सियस से ऊपर बना हुआ है। मौसम विभाग के अनुसार आज रायपुर में हीटवेव चलने की संभावना है और अधिकतम तापमान 44 डिग्री तक पहुंच सकता है, जिससे जनजीवन पर असर पड़ना तय है।
पिछले 24 घंटों में तापमान में और बढ़ोतरी दर्ज की गई है। शुक्रवार को दोपहर के समय तेज धूप और गर्म हवाओं ने लोगों को झुलसा दिया। प्रदेश में सबसे ज्यादा तापमान राजनांदगांव में 44.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि सबसे कम तापमान अंबिकापुर में 20.5 डिग्री रहा। मौसम का यह मिजाज आने वाले दिनों में और कड़ा हो सकता है।
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार प्रदेश में फिलहाल शुष्क मौसम बना रहेगा। अलग-अलग ऊंचाई पर बने द्रोणिका और एंटी साइक्लोन के प्रभाव से गर्म हवाएं तेज होंगी, जिससे मध्य छत्तीसगढ़ में लू जैसी स्थिति बनी रह सकती है। हालांकि बस्तर क्षेत्र में बंगाल की खाड़ी से आने वाली नमी भरी हवाओं के कारण कुछ राहत मिलने की संभावना है।
मौसम विभाग ने यह भी संकेत दिया है कि अगले दो दिनों बाद कुछ स्थानों पर हल्की बारिश, गरज-चमक और तेज हवाओं की स्थिति बन सकती है। इसके बावजूद फिलहाल लोगों को तेज गर्मी का सामना करना पड़ेगा।
विशेषज्ञों ने लोगों को दोपहर के समय बाहर निकलने से बचने, पर्याप्त पानी पीने और धूप से बचाव के उपाय अपनाने की सलाह दी है। लगातार बढ़ते तापमान के बीच हीटवेव का खतरा लोगों के स्वास्थ्य पर भी असर डाल सकता है।
