देशभर में गर्मी का कहर: 7 दिन हीटवेव का अलर्ट, बांदा सबसे गर्म; 6 राज्यों में पारा 46° पार

दिल्ली। देशभर में भीषण गर्मी का दौर शुरू हो गया है। मौसम विभाग के मुताबिक अगले 7 दिनों तक उत्तर और मध्य भारत के कई राज्यों में तेज गर्मी और हीटवेव का असर बना रहेगा।
मध्य प्रदेश, राजस्थान, उत्तर प्रदेश, पंजाब, हरियाणा और महाराष्ट्र समेत कई राज्यों में तापमान 46 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया है। सबसे ज्यादा तापमान उत्तर प्रदेश के बांदा में 47.6°C रिकॉर्ड किया गया, जो देश में सबसे गर्म शहर रहा।
सोमवार को पंजाब के बठिंडा में 47°C, महाराष्ट्र के वर्धा में 46.5°C, हरियाणा के सिरसा और राजस्थान के चित्तौड़गढ़-पिलानी में 46.2°C तापमान दर्ज किया गया।
निजी मौसम एजेंसी स्काईमेट के अनुसार पूर्वोत्तर और दक्षिण भारत को छोड़कर देश के बड़े हिस्से में लू चलेगी और औसत तापमान 45°C तक बना रह सकता है।
मौसम विभाग ने 20 मई को राजस्थान के 19 जिलों, यूपी के 33 जिलों और पंजाब के 10 जिलों में हीटवेव का अलर्ट जारी किया है। वहीं झारखंड में बारिश का ऑरेंज अलर्ट है।
जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में बारिश और ओलावृष्टि की संभावना जताई गई है।
21 मई को राजस्थान में गंभीर हीटवेव का रेड अलर्ट रहेगा। इसके अलावा छत्तीसगढ़, दिल्ली, मध्य प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, महाराष्ट्र, तेलंगाना और उत्तर प्रदेश में भी गर्म हवाएं चलेंगी।
दूसरी ओर असम, मेघालय, केरल, तमिलनाडु, कर्नाटक और पूर्वोत्तर राज्यों में भारी बारिश का अनुमान है।
मध्य प्रदेश के खजुराहो में 46.8°C तापमान दर्ज किया गया, जबकि यूपी के कई शहरों में स्कूल बंद करने पड़े हैं। राजस्थान में पानी संकट गहराने लगा है।
मौसम विशेषज्ञों ने लोगों को दोपहर में बाहर निकलने से बचने, पर्याप्त पानी पीने और सावधानी बरतने की सलाह दी है।





