देश के कई राज्यों में हीटवेव और बारिश का अलर्ट, बिजली गिरने से 4 की मौत

दिल्ली। देश के कई राज्यों में एक साथ हीटवेव और बारिश का खतरा मंडरा रहा है। मौसम विभाग ने शुक्रवार को 29 राज्यों में आंधी, तूफान और बारिश का अलर्ट जारी किया है। इनमें मध्य प्रदेश, राजस्थान, बिहार, उत्तर प्रदेश, पंजाब, हरियाणा शामिल हैं।
मध्य प्रदेश के 21 जिलों में बारिश और आंधी का अलर्ट है, जबकि बाकी जिलों में लू चलने की संभावना है। बिहार के 24 जिलों में हीटवेव का यलो अलर्ट जारी किया गया है और 14 जिलों में बारिश हो सकती है। राजस्थान के कई जिलों में तापमान 44°C से ऊपर चला गया है। श्रीगंगानगर में पारा 45.8°C पहुंचा, जो इस सीजन का सबसे गर्म दिन रहा।
पश्चिम बंगाल में बिजली गिरने से नादिया और जलपाईगुड़ी में 3 लोगों की मौत हो गई और 5 लोग झुलस गए। वहीं झारखंड के चाईबासा में एक CRPF जवान की मौत हो गई। हरियाणा और पंजाब में भी लू का असर बढ़ गया है। फरीदाबाद में तापमान 45°C तक पहुंच गया। पंजाब के 9 जिलों में लू का यलो अलर्ट है।
17 से 19 मई तक देश के कई हिस्सों में मौसम खराब रहेगा। पूर्वोत्तर राज्यों, दक्षिण भारत, ओडिशा, झारखंड और छत्तीसगढ़ में तेज बारिश और आंधी आ सकती है। इस बार मानसून सामान्य से पहले 27 मई को केरल पहुंचेगा। आमतौर पर यह 1 जून को आता है।