छत्तीसगढ़ में लू का अलर्ट, राजनांदगांव में 45°C पहुंचा पारा: रायपुर में सामान्य से 5°C ज्यादा तापमान, आगे और तपेगा मौसम

रायपुर। छत्तीसगढ़ में गर्मी ने अपने तेवर और तेज कर दिए हैं। शनिवार को प्रदेश के राजनांदगांव जिले में तापमान 45 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया, जिससे लोगों को भीषण गर्मी और लू का सामना करना पड़ रहा है। मौसम विभाग के मुताबिक बीते 24 घंटों में तापमान में कोई खास बदलाव नहीं हुआ है, लेकिन मौसम पूरी तरह शुष्क बना हुआ है और आने वाले दिनों में गर्मी और बढ़ने के संकेत हैं।

मौसम विभाग ने बिलासपुर, रायपुर और दुर्ग संभाग के कई इलाकों में अगले दो दिनों तक हीट वेव यानी लू चलने की संभावना जताई है। इसके साथ ही लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है। विशेषज्ञों का कहना है कि दोपहर के समय घर से बाहर निकलने से बचें। अगर जरूरी हो तो सिर को ढंककर और पर्याप्त पानी पीकर ही बाहर जाएं।

राजधानी रायपुर में इस समय तापमान सामान्य से काफी ऊपर दर्ज किया जा रहा है। अप्रैल महीने में जहां औसतन अधिकतम तापमान करीब 39.5 डिग्री रहता है, वहीं अभी पारा 44 डिग्री के आसपास बना हुआ है। यानी शहर में सामान्य से 4 से 5 डिग्री ज्यादा गर्मी पड़ रही है। इसका असर दिन के साथ-साथ रात के तापमान पर भी दिख रहा है, जिससे लोगों को राहत नहीं मिल पा रही।

पुराने रिकॉर्ड भी बताते हैं कि अप्रैल का अंतिम सप्ताह सबसे ज्यादा गर्म रहता है। रायपुर में 30 अप्रैल 1942 को 46.1 डिग्री सेल्सियस और 28 अप्रैल 1999 को 45.4 डिग्री तापमान दर्ज किया गया था। ऐसे में इस बार भी तापमान 45 डिग्री के करीब पहुंचने की आशंका जताई जा रही है।

मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, आने वाले दिनों में गर्मी और बढ़ सकती है, इसलिए लोगों को सावधानी बरतने की जरूरत है। लगातार बढ़ती गर्मी से जनजीवन प्रभावित हो रहा है और लू का खतरा भी बढ़ गया है।

Exit mobile version