मां-शिशु का स्वस्थ भविष्य ही समृद्ध छत्तीसगढ़ की नींव: मुख्यमंत्री

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा है कि मां और शिशु का स्वस्थ भविष्य ही समृद्ध छत्तीसगढ़ की मजबूत नींव है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार माताओं के स्वास्थ्य, पोषण और सुरक्षित मातृत्व को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है। इसी प्रतिबद्धता का परिणाम है कि प्रधानमंत्री मातृत्व वंदना योजना के क्रियान्वयन में छत्तीसगढ़ ने बड़े राज्यों की श्रेणी में देश में पहला स्थान हासिल किया है।
मुख्यमंत्री ने बताया कि राष्ट्रीय स्तर पर जारी रैंकिंग में छत्तीसगढ़ ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए 93.37 प्रतिशत नामांकन, 83.87 प्रतिशत स्वीकृति दर और 93.95 प्रतिशत शिकायतों के त्वरित समाधान का रिकॉर्ड दर्ज किया है। यह उपलब्धि इस बात का प्रमाण है कि प्रदेश में योजना का क्रियान्वयन प्रभावी, पारदर्शी और व्यवस्थित तरीके से किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि इस योजना के माध्यम से गर्भवती और धात्री महिलाओं को आर्थिक सहायता प्रदान की जाती है, जिससे उन्हें गर्भावस्था के दौरान बेहतर पोषण और स्वास्थ्य सेवाएं मिल सकें। इससे मातृ और शिशु मृत्यु दर में कमी लाने तथा नवजात शिशुओं के बेहतर स्वास्थ्य को सुनिश्चित करने में भी मदद मिल रही है।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने इस सफलता का श्रेय महिला एवं बाल विकास विभाग के अधिकारियों, कर्मचारियों और आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को दिया। उन्होंने कहा कि आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के समर्पित प्रयासों से प्रदेश के दूरस्थ और ग्रामीण क्षेत्रों तक भी योजना का लाभ पहुंच रहा है। उनके निरंतर प्रयासों के कारण लाखों गर्भवती माताओं को समय पर सहायता और स्वास्थ्य सेवाएं मिल पा रही हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार मातृ-शिशु स्वास्थ्य से जुड़े सभी कार्यक्रमों को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए लगातार काम कर रही है। आने वाले समय में भी माताओं और बच्चों के बेहतर स्वास्थ्य, पोषण और सुरक्षित भविष्य के लिए नई पहलें की जाएंगी, ताकि छत्तीसगढ़ को स्वस्थ और समृद्ध राज्य बनाया जा सके।



