कवर्धा। कबीरधाम जिले से एक ऐसी तस्वीर सामने आई है, जिसने स्वास्थ्य व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। बोड़ला विकासखंड के नागवही गांव निवासी समलु मरकाम अपनी कैंसर पीड़ित पत्नी को खाट पर लिटाकर बाइक से अस्पताल पहुंचाने को मजबूर है। भीषण गर्मी के बीच वह अपनी पत्नी को रस्सियों से बांधकर जुगाड़ एंबुलेंस के सहारे इलाज के लिए दर-दर भटक रहा है।
बताया जा रहा है कि पिछले एक साल से समलु मरकाम इसी तरह अपनी पत्नी को अस्पताल और सरकारी दफ्तरों के चक्कर लगवा रहा है, लेकिन अब तक उसे पर्याप्त सहायता नहीं मिल पाई। गुरुवार को हालात तब और गंभीर हो गए, जब वह अपनी पत्नी को खाट सहित बाइक पर लेकर सीधे कलेक्ट्रेट पहुंच गया और आर्थिक मदद की गुहार लगाई।
मामले की जानकारी मिलते ही कलेक्टर गोपाल वर्मा ने तत्काल एंबुलेंस की व्यवस्था कर महिला को अस्पताल में भर्ती कराया। प्रशासन की इस त्वरित कार्रवाई से मरीज को राहत मिली, लेकिन यह घटना ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सुविधाओं की कमी को उजागर करती है।
कुछ दिन पहले इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था, जिसके बाद उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने 10 हजार रुपये की आर्थिक सहायता दी थी। हालांकि, यह राशि इलाज के लिए पर्याप्त नहीं रही।
