रायपुर। छत्तीसगढ़ शासन ने राज्य प्रशासनिक सेवा के अधिकारियों को बड़ी सौगात देते हुए 83 अधिकारियों को पदोन्नति और उच्च वेतनमान का लाभ प्रदान किया है। इस संबंध में सामान्य प्रशासन विभाग (जीएडी) द्वारा आदेश जारी किया गया है। शासन के इस फैसले से प्रशासनिक सेवा के अधिकारियों में उत्साह का माहौल है।
जारी आदेश के अनुसार राज्य प्रशासनिक सेवा संवर्ग के 43 डिप्टी कलेक्टर स्तर के अधिकारियों को कनिष्ठ श्रेणी वेतनमान (लेवल-12) से वरिष्ठ श्रेणी वेतनमान (लेवल-13) में पदोन्नत किया गया है। इन अधिकारियों को उनकी पात्रता तिथि के अनुसार यह लाभ प्रदान किया गया है। पदोन्नति पाने वाले अधिकारियों में विभिन्न जिलों में पदस्थ डिप्टी कलेक्टर और विभागीय अधिकारी शामिल हैं।
वरिष्ठ श्रेणी वेतनमान प्राप्त करने वाले अधिकारियों में बिलासपुर की रजनी भगत, बलौदाबाजार-भाटापारा के अरुण कुमार सोनकर, महासमुंद के आशीष कर्मा, जशपुर के प्रशांत कुमार कुशवाहा, राजनांदगांव के गौतम चंद पाटिल, कोरिया के उमेश कुमार पटेल, गरियाबंद के विशाल कुमार महाराणा और नारायणपुर के सुमित कुमार गर्ग सहित कुल 43 अधिकारियों के नाम शामिल हैं।
वहीं दूसरे आदेश में वरिष्ठ श्रेणी वेतनमान (लेवल-13) में कार्यरत 40 अधिकारियों को प्रवर श्रेणी वेतनमान (लेवल-14) का लाभ दिया गया है। इनमें संयुक्त कलेक्टर, अवर सचिव, आयुक्त कार्यालयों और विभिन्न विभागों में कार्यरत वरिष्ठ अधिकारी शामिल हैं। इस सूची में सिल्ली थॉमस, दिलेराम डाहिरे, स्निग्धा तिवारी, मनीष साहू, अभिषेक दीवान, रवि सिंह और नंद कुमार चौबे सहित कई अधिकारियों को उच्च वेतनमान प्रदान किया गया है।
शासन के इस निर्णय को अधिकारियों के अनुभव और सेवाओं का सम्मान माना जा रहा है। माना जा रहा है कि इससे प्रशासनिक कार्यों में और अधिक दक्षता आएगी तथा अधिकारियों का मनोबल भी बढ़ेगा। पदोन्नति और उच्च वेतनमान का लाभ मिलने से संबंधित अधिकारियों को सेवा संबंधी अन्य सुविधाओं का भी लाभ प्राप्त होगा।
