“जो कहा, वह किया, और जो नहीं कहा, वह भी करके दिखाया”: जे.पी. नड्डा

जांजगीर-चांपा में जनादेश परब, छत्तीसगढ़ सरकार के दो वर्ष पूरे
रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ सरकार के दो वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर जांजगीर-चांपा जिले के खोखराभाठा पुलिस लाइन मैदान में जनादेश परब का भव्य आयोजन किया गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री जगत प्रकाश नड्डा रहे। वंदे मातरम और राज्यगीत के साथ शुरू हुए इस आयोजन में सरकार की उपलब्धियों, जनकल्याण और भविष्य की दिशा पर जोर दिया गया।
केंद्रीय मंत्री नड्डा ने मंच से कहा, “जो कहा, वह किया और जो नहीं कहा, वह भी करके दिखाया।” उन्होंने सरकार के दो वर्षों के रिपोर्ट कार्ड का उल्लेख करते हुए कहा कि किसानों, महिलाओं, युवाओं और श्रमिकों के लिए लिए गए निर्णयों का असर जमीन पर दिख रहा है।
उन्होंने बताया कि सरकार बनने के पहले ही महीने किसानों को 3700 करोड़ रुपए से अधिक का भुगतान किया गया और दो वर्षों में 1.25 लाख करोड़ रुपए का प्रत्यक्ष अंतरण हुआ। भूमिहीन कृषि मजदूरों को 10-10 हजार रुपए की सहायता देकर उनकी आर्थिक सुरक्षा मजबूत की गई।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ निरंतर सेवा और निरंतर विकास का सशक्त मॉडल बन रहा है। उन्होंने स्पष्ट किया कि हर वर्ग तक विकास पहुंचाना सरकार का लक्ष्य है।
प्रधानमंत्री आवास, महतारी वंदन योजना, भूमिहीन कृषि मजदूर कल्याण योजना जैसी योजनाओं से आम जनता को सीधा लाभ मिला है। नक्सलवाद के खिलाफ सुरक्षा, पुनर्वास और विकास की संयुक्त रणनीति से ठोस प्रगति हुई है।
उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने इसे जांजगीर-चांपा के लिए ऐतिहासिक दिन बताया, जबकि उपमुख्यमंत्री श्री विजय शर्मा ने 18 लाख आवास स्वीकृत होने की जानकारी दी। कार्यक्रम में “सेवा के 2 साल” पुस्तक और सरकार की उपलब्धियों के रिपोर्ट कार्ड का विमोचन किया गया। विकास प्रदर्शनी का अवलोकन कर मुख्यमंत्री ने हितग्राहियों से संवाद भी किया।





