मुंबई। देश के प्रमुख निजी बैंक HDFC Bank के शेयरों में गुरुवार को तेजी देखने को मिली। शेयर करीब 1 फीसदी से अधिक चढ़कर 727.80 रुपये के स्तर तक पहुंच गया।
बैंक के शेयरों में यह उछाल भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) की उस मंजूरी के बाद आया है, जिसके तहत Life Insurance Corporation of India (LIC) अब एचडीएफसी बैंक में अपनी हिस्सेदारी बढ़ाकर 9.99 फीसदी तक कर सकती है।
बैंक के शेयर गुरुवार को 725.50 रुपये पर खुले। इससे पहले 19 अगस्त को एचडीएफसी बैंक का शेयर 720 रुपये पर बंद हुआ था। बाजार में RBI की मंजूरी को निवेशकों के लिए सकारात्मक संकेत माना जा रहा है।
LIC की हिस्सेदारी बढ़ाने का रास्ता साफ
एचडीएफसी बैंक ने बुधवार को शेयर बाजार को जानकारी दी कि RBI ने LIC के उस प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है, जिसके तहत सरकारी बीमा कंपनी बैंक की पेड-अप शेयर कैपिटल या वोटिंग राइट्स में अधिकतम 9.99 फीसदी हिस्सेदारी हासिल कर सकती है।
यह मंजूरी 19 अगस्त को RBI की ओर से जारी पत्र के माध्यम से दी गई। बैंक के मुताबिक, 14 अगस्त तक LIC के पास एचडीएफसी बैंक की कुल शेयर कैपिटल का 4.11 फीसदी हिस्सा था।
नई मंजूरी के बाद LIC अपनी मौजूदा हिस्सेदारी में करीब 5.9 प्रतिशत अंक तक की बढ़ोतरी कर सकती है। हालांकि, हिस्सेदारी बढ़ाने की प्रक्रिया संबंधित बैंकिंग, विदेशी मुद्रा और सिक्योरिटीज मार्केट नियमों के पालन के अधीन होगी।
सालभर में 26% तक गिर चुका शेयर
एचडीएफसी बैंक के शेयरों में इस साल अब तक दबाव रहा है। जनवरी में करीब 1,017 रुपये के स्तर से गिरकर शेयर लगभग 715 रुपये तक पहुंच गया था। जनवरी से अब तक इसमें करीब 26 फीसदी की गिरावट दर्ज की गई है।
हालांकि, निचले स्तरों पर खरीदारी लौटने से हाल में शेयर में सुधार देखने को मिला है। RBI की ताजा मंजूरी के बाद निवेशकों की नजर अब LIC की संभावित हिस्सेदारी बढ़ाने और इसके बैंक के शेयर पर पड़ने वाले असर पर रहेगी।
