ChhattisgarhStateNewsछत्तीसगढ़

HCL फाउंडर शिव नाडर फिर बने भारत के सबसे बड़े परोपकारी, रोज दान किए 7.4 करोड़

रोहिणी निलेकणी महिलाओं में शीर्ष पर

दिल्ली। एडलगिव-हुरुन इंडिया परोपकार सूची-2025 के अनुसार, HCL टेक्नोलॉजीज के संस्थापक शिव नाडर एक बार फिर भारत के सबसे बड़े परोपकारी बन गए हैं। उन्होंने पिछले साल औसतन रोजाना 7.4 करोड़ दान किए, जो सालभर में कुल 2,708 करोड़ रहा। उनके बाद दूसरे स्थान पर मुकेश अंबानी, जबकि तीसरे स्थान पर बजाज ग्रुप रहा।

परोपकार की सूची में 24 महिलाएं शामिल हैं, जिनमें इंफोसिस के नंदन निलेकणी की पत्नी रोहिणी निलेकणी शीर्ष पर रहीं। उन्होंने 204 करोड़ का दान किया। बायोकॉन की किरण मजूमदार शॉ ने 83 करोड़ दान देकर दूसरा स्थान हासिल किया। वहीं जेरोधा के निखिल और नितिन कामत क्रमशः 39 और 46 वर्ष की उम्र में सबसे युवा परोपकारी बने।

व्यक्तिगत दान में भी नाडर परिवार शीर्ष पर रहा। उन्होंने निजी रूप से 2,537 करोड़ का योगदान दिया। दूसरे स्थान पर नंदन निलेकणी और तीसरे पर रोहिणी निलेकणी रहीं। इस वर्ष इंफोसिस परिवार ने सामूहिक रूप से ₹850 करोड़ से अधिक दान कर नया रिकॉर्ड बनाया।

कई पेशेवर प्रबंधकों ने भी अपनी निजी संपत्ति से दान किया, जिनमें ए.एम. नाइक (54 करोड़), अमित और अर्चना चंद्रा (47 करोड़) और प्रशांत प्रकाश दंपति (17 करोड़) शामिल हैं।

रिलायंस इंडस्ट्रीज ने CSR के तहत 1,309 करोड़ दान किए, जो निर्धारित राशि से 261 करोड़ अधिक है। वहीं, रुंगटा सन्स और जिंदल स्टील एंड पावर ने भी तय राशि से अधिक योगदान दिया।

79 वर्षीय शिव नाडर, जो HCL टेक और शिव नाडर फाउंडेशन के चेयरमैन एमेरिटस हैं, फोर्ब्स के अनुसार दुनिया के 52वें सबसे अमीर व्यक्ति हैं, जिनकी नेटवर्थ लगभग 2.99 लाख करोड़ है। 1976 में शुरू हुई HCL आज भारत की अग्रणी टेक कंपनियों में से एक है।

Related Articles

Back to top button