हरियाणा IPS सुसाइड केस: DGP छुट्टी पर भेजे गए, 7 दिन बाद भी पोस्टमॉर्टम नहीं; राहुल गांधी और चिराग पासवान आज पहुंचेंगे

हरियाणा। हरियाणा के वरिष्ठ IPS अफसर वाई. पूरन कुमार की आत्महत्या के मामले में सात दिन बीत जाने के बाद भी पोस्टमॉर्टम नहीं हो पाया है। इस बीच सरकार ने DGP शत्रुजीत कपूर को छुट्टी पर भेज दिया है, क्योंकि उनका नाम पूरन कुमार के सुसाइड नोट में आया था। वहीं, मृतक की IAS पत्नी अमनीत पी. कुमार DGP और पूर्व रोहतक SP नरेंद्र बिजारणिया की गिरफ्तारी की मांग पर अड़ी हैं। सरकार ने पहले ही बिजारणिया को पद से हटा दिया है।
आज कांग्रेस नेता राहुल गांधी और केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान अमनीत के आवास पर शोक प्रकट करने पहुंचेंगे। वहीं, अनुसूचित समाज और परिवार की ओर से बनी 31 सदस्यीय कमेटी का 48 घंटे का अल्टीमेटम भी आज खत्म हो रहा है। कमेटी ने कार्रवाई न होने पर उग्र आंदोलन की चेतावनी दी है।
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने भी अपना दिल्ली दौरा रद्द कर दिया है। सोमवार को केंद्रीय मंत्री रामदास अठावले ने परिवार से मुलाकात की और मुख्यमंत्री से मीटिंग के बाद कहा कि सरकार कार्रवाई करेगी, लेकिन पहले पोस्टमॉर्टम जरूरी है।
7 अक्टूबर को पूरन कुमार ने चंडीगढ़ स्थित घर की बेसमेंट में खुद को गोली मारकर सुसाइड किया था। सुसाइड नोट में उन्होंने DGP कपूर, SP बिजारणिया और 15 अधिकारियों पर जातिगत उत्पीड़न और साजिश के आरोप लगाए थे।
8 अक्टूबर को पत्नी अमनीत ने चंडीगढ़ पुलिस में शिकायत दी। 9 अक्टूबर को DGP-SP समेत 15 लोगों के खिलाफ SC/ST एक्ट और भारत न्याय संहिता की धाराओं में FIR दर्ज की गई। 10 अक्टूबर को IG पुष्पेंद्र कुमार की अगुवाई में SIT बनाई गई। फिलहाल, पोस्टमॉर्टम और गिरफ्तारी दोनों का इंतजार जारी है।